किक बॉक्सिंग : बनारस के सुधीर इटली में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
वाराणसी, 5 अक्टूबर (हि.स.)। वाराणसी के अंतरराष्ट्रीय किक बॉक्सर सुधीर सक्सेना इटली में होने वाले विश्व किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधितव करेंगे। यह प्रतियोगिता इटली के वेनिस शहर में 15 से 25 अक्टूबर तक आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में भारत से 30 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
वाको इंडिया किक बॉक्सिंग के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने सुधीर को आगामी प्रतियोगिता के लिए बधाई दी है, वहीं सुधीर को पूरा विश्वास है कि वो इस प्रतियोगिता में भारत के लिए स्वर्ण पदक जरूर ले कर आएंगे।
एक मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे तथा अभी तक आर्थिक तंगी और प्रायोजकों के अभाव के बावजूद सुधीर ने अपनी कड़ी मेहनत और सच्ची लगन से अब तक भारत के लिए 1 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीता है।
विश्व चैम्पियनशिप और एशियन चैंपियनशिप के सदस्य सुधीर ने अब तक 12 राष्ट्रीय पदक और चालीस से अधिक राज्य स्तर के विभिन्न पदक जीते हैं। विभिन्न देशों में भारत का परचम लहराते आए सुधीर के बारे में भारत के किक बॉक्सिंग के कोच कुलदीप चौधरी का कहना है कि सुधीर के हाथों में बचपन से ही भरपूर और गजब की ताकत बरकरार है और उनके हाथों के पंचो का कोई जवाब नहीं।
