लखीमपुर खीरी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम से पहले लखीमपुर खीरी में रविवार को किसानों ने बड़ा बवाल कर दिया। बवाल में छह किसानों के मरने की भी खबर है और कई घायल हैं। इलाज के लिये घायलों को स्थानीय सामुदायिक केन्द्रों पर भेजा गया। कुछ गंभीर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना में मारे गये चार लोगों के नामों की पुष्टि अभी तक हुई है। किसानों ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे पर गाड़ियां चढ़ाने का आरोप लगाया है। आक्रोशित किसानों ने मंत्री के बेटे की गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया है। आक्रोशित किसानों ने भाजपा नेताओं को जमकर पीटा भी है। इस मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान में लिया है। मामले की जांच के लिए अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था प्रशांत कुमार, डीजी के साथ आईजी रेंज, लखनऊ मंडलायुक्त भी जा रहे हैं।
चार मृतकों की हुई शिनाख्त
इस घटना में छह लोगों के मारने की बात सामने आयी है। हालांकि अभी तक इसको लेकर कोई भी अधिकारिक बयान नहीं आया है लेकिन चार मृतकों की पहचान हो गई है। मरने वालों में लवप्रीत सिंह(25) पुत्र सतनाम सिंह निवासी चौखड़ा फार्म मझगई थाना पलिया, दलजीत सिंह (62) पुत्र हरी सिंह, गुरविन्दर सिंह उर्फ बाबा पुत्र काकू सिंह निवासीगण थाना नानपारा जिला बहराइच व नक्षत्र सिंह पुत्र अज्ञात निवासी लहबड़ी थाना धौरहरा बताये जा रहे हैं। इसमें कई किसानों के अलावा चार पत्रकार भी घायल भी हुए हैं।
किसानों ने फूंकी गाड़ियां
किसानों पर गाड़िया चढ़ाने से हुई लोगों की मौत पर किसान आक्रोशित हो गये। इस बीच उन्होंने जमकर हंगामा किया और भाजपा नेताओं को गाड़ियों से निकाल-निकालकर जमकर पीटा और उनकी दो गाड़ियों में तोड़फोड़ की। किसानों का गुस्सा इस पर भी शांत नहीं हुआ तो उन्होंने कुछ गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। इधर बवाल की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को गन्ने के खेत में खदेड़ दिया।
छावनी में तब्दील हुआ गांव
इस घटना के बाद किसानों में काफी आक्रोश है। गांव के बिगड़े हालात को काबू में करने के लिए पुलिस व जिला प्रशासन लगा हुआ है। लेकिन अभी स्थिति पूरी तरह से ठीक नहीं है। एसपी विजय ढूल ने जनपद में भारी फोर्स को तैनात कर दिया है। इसके अलावा आसपास के जिलों की फोर्स को भी मंगाया गया है। पीएसी, आरएएफ की टीमें गांव के लिए रवाना हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने रद्द किए सारे कार्यक्रम
लखीमपुर खीरी की घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर रात्रि प्रवास के कार्यक्रम को रद्द कर लखनऊ लौट रहे हैं। वह खुद पूरे मामले की मॉनीटिरिंग कर रहे हैं। देर शाम लखनऊ लौटने पर घटना को लेकर उच्च स्तरीय बैठक करेंगे।
किसान का ऑडियो वायरल
लखीमपुर की घटना को लेकर सोशल मीडिया में एक ऑडियो वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में युवक जय जवान जय किसान का नारा लगाते हुए कहा जा रहा है कि बड़ी तदाद में किसान तिकुनियां पहुंच जाये। किसान मोर्चा का आहवान है कि सभी लोग वहां पहुंचे। बैरिकेटिंग लगी है उसे तोड़कर वहां पहुंचें।
आईजी पहुंची अस्पताल
लखनऊ की आईजी लक्ष्मी सिंह घायलों का हालचाल लेने के लिए अस्पताल पहुंची। यहां पर किसानों से मामले की जानकारी ली है। इसके बाद वह घटनास्थल के लिए रवाना हो गयी है। यह भी बताया कि जा रहा है कि आईजी थाने भी गई थी जहां सभी स्टाफ को जमकर लताड़ लगाई है। थानाध्यक्ष समेत सभी पुसिल कर्मियों पर कार्रवाई के भी संकेत दिए हैं।
आसपास के जिलों को किया गया अलर्ट
इस घटना के बाद पुलिस मुख्यालय ने लखीमपुर व उसके आसपास के जिलों को अलर्ट कर दिया है। जिला व पुलिस अधिकारियों को गश्ती बढ़ाने के साथ शांति समितियों संग बैठक कर कानून व्यवस्था बनाये रखने को कहा है। पूरे प्रदेश की पुलिस सतर्क है।
राकेश टिकैत लखीमपुर रवाना
इस घटना के बाद किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों पर गाड़ियों से हमला किया गया है। इसमें कई लोगों की जानें गई है। वह लखीमपुर के लिए रवाना हो गये है, जो भी जानकारी होगी उसे अपडेट कराया जायेगा। राकेश टिकैत रात्रि तक पहुंच जायेंगे।