सेंसेक्स की टॉप 10 में से आठ कंपनियों का मार्केट कैप 1.80 लाख करोड़ रुपये घटा

0

नई दिल्ली, 03 अक्टूबर (हि.स.)। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) सेंसेक्स की टॉप 10 में से आठ कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते हफ्ते 1,80,534.34 करोड़ रुपये की गिरावट आई। इसमें सबसे ज्यादा नुकसान में आईटी क्षेत्र की कंपनियां टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और इंफोसिस रही, जबकि टॉप 10 कंपनियों में सिर्फ रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हुई।

समीक्षाधीन हफ्ते में टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 52,526.53 करोड़ रुपये गिरावट के साथ 13,79,487.23 करोड़ रुपये रह गया। इंफोसिस के मार्केट कैप 41,782.4 करोड़ रुपये लुढ़कर 7,06,249.77 करोड़ रुपये पर आ गया। इसी तरह एचडीएफसी की बाजार हैसियत 22,643.11 करोड़ रुपये घटकर 4,90,430.74 करोड़ रुपये पर और आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 21,095.77 करोड़ रुपये घटकर 4,79,985.13 करोड़ रुपये पर आ गई है।

इस दौरान बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 16,438.9 करोड़ रुपये घटकर 4,54,026.68 करोड़ रुपये रह गया, जबकि एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 10,410.41 करोड़ रुपये टूटकर 8,76,329.45 करोड़ रुपये पर आ गया। इसी दौरान हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 9,222.14 करोड़ रुपये घटकर 6,34,977.04 करोड़ रुपये पर और कोटक महिंद्रा बैंक का बाजार पूंजीकरण 6,415.08 करोड़ रुपये नुकसान के साथ 3,95,563.67 करोड़ रुपये रह गया।

हालांकि, इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 25,294.38 करोड़ रुपये के उछाल से 15,99,346.41 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं, स्टेट बैंक का मार्केट कैप 9,773.33 करोड़ रुपये उछलकर 4,03,169.33 करोड़ रुपये रहा। गौरतलब है कि बीते हफ्ते बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,282.89 अंक यानी 2.13 फीसदी टूटा और सेंसेक्स में लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट आई।

उल्लेखनीय है कि सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर बने रहने में कामयाब रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, एसबीआई और कोटक महिंद्रा बैंक का स्थान रहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *