फिलीपींस के राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते ने किया राजनीति छोड़ने का ऐलान

0

मनीला, 02 (हि.स.)। दक्षिण-पूर्व एशियाई देश फिलीपींस के राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते ने राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने अगले साल होने वाले चुनावों में उप राष्ट्रपति पद के लिए दावेदारी से पीछे हटने की बात करने के साथ ही कार्यकाल समाप्त होने के बाद राजनीति से रिटायर होने की बात कही। दुतेर्ते ने अपने सहयोगी सीनेटर बोंग गो की मौजूदगी में शनिवार को अपने इस चौंकाने वाले फैसले की घोषणा की।

फिलीपींस के राष्ट्रपति का कार्यकाल संविधान में छह साल के कार्यकाल तक सीमित है। विरोधियों ने कहा था कि वे सुप्रीम कोर्ट के समक्ष दुतेर्ते द्वारा उप राष्ट्रपति की दावेदारी का विरोध करेंगे। दुतेर्ते ने 2016 में राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभाला था और मादक द्रव्य तस्करों के खिलाफ अभियान शुरू किया था, जिसमें करीब 6000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। इसकी पश्चिमी सरकारों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने कड़ी आलोचना की थी। अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय इन हत्याओं की जांच कर रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार, इन लोगों की मौत पुलिस और अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में हुई थी। दूसरी ओर ऐसी भी जानकारी है कि रोड्रिगो दुतेर्ते की बेटी सारा दुतेर्ते-कारपियो राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ सकती हैं। वह फिलहाल दक्षिणी दावो शहर की मेयर हैं। अगर वह राष्ट्रपति बन जाती हैं तो अपने पिता को उनके खिलाफ चल रहे आपराधिक मुकदमों से बचा सकती हैं।

रोड्रिगो दुतेर्ते को बेबाक अंदाज के लिए जाना जाता है। उन्होंने चीन की दान की हुईं 1000 कोरोना रोधी वैक्सीन को लौटाने का आदेश दिया था। वह चीन की हरकतों के कारण उसे खुली चुनौती भी दे चुके हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *