मप्र के बच्चे लगा सकेंगे अपनी इंडस्ट्री, लोन की गारंटी सरकार देगी : शिवराज

0

भोपाल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में सभी बड़े और छोटे उद्यमियों का स्वागत करते हुए कहा कि उद्योगों के लगने से युवाओं को रोजगार मिलेगा और किसानों को भी लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम उद्यम क्रांति योजना ला रहे हैं, जिसमें यह फैसला कर रहे हैं कि प्रदेश के बच्चे अपनी इंडस्ट्री लगा सकें। काम धंधा शुरू करना चाहेंगे तो बैंक उनको लोन देगा और गारंटी सरकार लेगी। क्योंकि गारंटी के अभाव में सामान्य, मध्यम एवं गरीब परिवारों के बच्चे वंचित रह जाते हैं।

मुख्यमंत्री चौहान शनिवार को नीमच जिले के जावद में जन कल्याण और सुराज अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने 133 उद्योगों को भूमि आवंटन के आशय पत्रों का वितरण किया। इसके साथ ही जावरा और रतलाम औद्योगिक पार्कों का भूमिपूजन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चरणों में प्रणाम करता हूं। हमारे यहां ‘पग पग रोटी, डग डग नीर’ कहते हैं। अब तो डग डग नीर नहीं, भारतीय जनता पार्टी घर-घर नीर पहुंचाएगी। गांव अगर स्वच्छ रहेंगे, तो बीमारी आधी से कम हो जाएगी। इंदौर इसका उदाहरण है। हम सभी संकल्प लें कि अपने गांवों को स्वच्छ रखने में अधिकतम योगदान देंगे।

उन्होंने कहा कि नल जल योजना के माध्यम से घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा। गांव की जल समिति बनाकर इसकी देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी और यही समिति जलकर भी वसूलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश करने वाले सभी बड़े और छोटे उद्यमियों का हम स्वागत करते हैं। इनके आगमन से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि ये हमारे किसानों से कच्चा माल खरीदेंगे, तो उनको भी लाभ होगा। उद्योगपति मित्रों का कहना है कि एक साथ पैसा देने में दिक्कत है। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि हमारी किस्तों में पैसा लेने की भी प्रक्रिया चल रही है। घबराएं नहीं, हम चाहते हैं कि कम पूंजी वाला भी उद्योग लगाए। इसके लिए हम प्रस्ताव लाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में 384 नई फैक्टरियों के निवेश के प्रस्ताव आए और कई लगना शुरू भी हो गईं। 22 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। हजारों करोड़ का निवेश होगा। एमएसएमई ने एक ही दिन में 1892 फैक्टरियों के लिए आशय पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि हम उद्यम क्रांति योजना बना रहे हैं। इसके माध्यम से उद्यमियों को लोन बैंक देंगे और लोन की गारंटी हमारी सरकार लेगी। शिवराज ने कहा, मैं जावद की इस धरती से कहना चाहता हूं कि नीमच का मेडिकल कॉलेज खुल रहा है। इसमें संदेह का कोई कारण नहीं। पूरी योजना तैयार है। जावद और सिंगोली के विद्यालय का उन्नयन सीएम राइज स्कूल के रूप में किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *