गोयल ने चाइनीज सेब के लिए आयात शुल्क घटाने की अफवाहों का किया खंडन

0

नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को भारत में सस्ता चाइनीज सेब आने की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने चाइनीज सेब पर कोई शुल्क कम नहीं किया है, क्योंकि सभी आयात विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की शर्तों के अनुरूप होते हैं।

पीयूष गोयल ने कहा कि जो भी आयात होता है, वो वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन के नियमों के अनुसार होता है। कुछ गलतफहमियां और अफवाह है कि सेब पर ड्यूटी कम की गई है, लेकिन ऐसा कोई कदम भारत सरकार ने नहीं उठाया है। यह बेबुनियाद अफवाह फैलाई गई है।

वाणिज्य मंत्री ने यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में पड़ोसी देश से सस्ते सेब आने पर एक सवाल के जवाब में कहा कि कुछ लोग झूठ फैला रहे हैं कि सरकार ने चीन से आने वाले सेबों पर आयात शुल्क कम कर दिया है, यह आधारहीन अफवाह है। सरकार ने ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया है।

गोयल ने कहा कि मुझसे पहले भी यह सवाल पूछा गया था लेकिन, ऐसा कोई फैसला नहीं लिया गया है। मुझे लगता है कि कुछ लोगों का काम केवल आधारहीन अफवाहें फैलाना होता है, जिनका कोई मतलब नहीं होता।

पीयूष गोयल ने एक अन्य सवाल, क्या चीन में बिजली संकट भारतीय निर्यातकों के लिए एक अवसर है, पर उन्होंने कहा कि घरेलू कंपनियों के लिए बहुत सारे अवसर हैं। वाणिज्य मंत्री ने कहा कि आज देश उन अवसरों का लाभ उठाने को तैयार है। हमारा देश उद्योग, उद्यमियों और कारोबारियों का देश है, एमएसएमई का देश है, जो दुनिया के बाकी हिस्सों से आत्मविश्वास से निपटने के लिए सशक्त है।

वाणिज्य मंत्री ने यह भी बताया कि चालू वित्त वर्ष में भारत का निर्यात 21 सितंबर, 2021 तक 185 अरब डॉलर का रहा, जो वित्त वर्ष 2021-22 की पहली छमाही के अंत 195 अरब डॉलर को छू सकता है।

उल्लेखनीय है कि वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान भारत का निर्यात 290 अरब डॉलर का रहा था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *