महिला हॉकी टीम को सम्मानित कर हम पूरा कर रहे अपना कर्तव्य : शिवराज

0

भोपाल, 28 सितम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भारत की महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलम्पिक में खेल का बढ़िया प्रदर्शन किया है। इन बेटियों ने देश के लोगों का दिल जीत लिया। देश के दिल मध्यप्रदेश में इन्हें सम्मानित कर हम अपना कर्तव्य पूरा कर रहे हैं। अगले ओलम्पिक में ये बेटियाँ जरूर गोल्ड मेडल जीत कर आएंगी।

मुख्यमंत्री चौहान मंगलवार को दोपहर में अपने निवास पर भारतीय महिला हॉकी टीम के सम्मान में उनकी तरफ से दिए गए दोपहर भोज के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ओलम्पिक में भारत की महिला हॉकी टीम की सदस्यों ने बहादुरी और कौशल के साथ खेल प्रदर्शन किया। इससे अगली प्रतियोगिताओं में भारतीय महिला हॉकी टीम के और भी अच्छे परफार्मेंस की आशाएँ बढ़ी हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने भारतीय टीम के सम्मान में अपने निवास पर उन्हें दोपहर का भोज कराया। इस दौरान उन्होंने टीम की प्रत्येक सदस्य को सांची के स्तूप की प्रतिकृति स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की। मुख्यमंत्री ने भारतीय टीम के कोच तुषार खाण्डेकर को भी स्मृति चिन्ह भेंट किया।

इस अवसर पर खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, भारतीय ओलम्पिक संघ एवं एफआईएच के अध्यक्ष डॉ. नरिंदर ध्रुव बत्रा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा, खेल संचालक रवि गुप्ता, जनसंपर्क संचालक आशुतोष प्रताप सिंह उपस्थित थे।

भारतीय महिला हॉकी टीम

भारतीय महिला हॉकी टीम में रानी रामपाल कप्तान, सविता उप कप्तान, दीप ग्रस एक्का उप कप्तान, वंदना कटारिया, पी. सुशीला चानू, नवजोत कौर, नमिता टोप्पो, मोनिका, निक्की प्रधान, गुरजीत कौर, ई. रजनी, नवनीत कौर, नेहा, लालरेमसियामी, रीना खोखर, उदिता, सलीमा टेटे, शर्मिला देवी और निशा शामिल हैं। इन खिलाड़ियों में वंदना कटारिया और ई. रजनी मध्यप्रदेश राज्य महिला अकादमी के एसोसिएट मेम्बर रही हैं। इन दोनों ने राष्ट्रीय स्पर्धा में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व भी किया है। रीना खोखर, मोनिका और पी. सुशीला चानू मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी से ट्रेनिंग ले चुकी हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *