सचिन और रवि शास्त्री ने बिशन सिंह बेदी को उनके 75वें जन्मदिवस पर दी बधाई

0

नई दिल्ली, 25 सितंबर (हि.स.)। भारत के दिग्गज स्पिनर बिशन सिंह बेदी आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने उन्हें बधाई दी है।

शास्त्री ने ट्वीट किया, “दिन की ढेर सारी शुभकामनाएं, बिशनबेदी। गेंदबाजी करते समय गति ऐसी, जैसे कोई कविता पढ़ रहा हो, खेल में देखे गए अब तक के सबसे बेहतरीन गेंदबाजी एक्शन में से एक। भगवान हमेशा आपको तरक्की दे।”

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भी बेदी को जन्मदिन की बधाई देने के लिए ट्विटर का सहारा लिया।

सचिन ने ट्वीट किया,”75वां जन्मदिन मुबारक हो बिशन बेदी पाजी! इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के अपने शुरुआती दौरों के दौरान मुझे आपके साथ बहुत समय बिताने का मौका मिला और आपके पास साझा करने के लिए हमेशा बहुत सारी कहानियां थीं। उनमें से हर एक को सुनकर आनंद आया। आपको अच्छे स्वास्थ्य और खुशियों से भरपूर एक शानदार वर्ष की शुभकामनाएं।”

बिशन सिंह बेदी ने 1966 से 1979 तक भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेला और वह प्रसिद्ध भारतीय स्पिन चौकड़ी (बेदी, ईएएस प्रसन्ना, बीएस चंद्रशेखर और एस वेंकटराघवन) का हिस्सा भी रहे।

बेदी ने कुल 67 टेस्ट खेले और 266 विकेट लेने में सफल रहे। उन्होंने 22 टेस्ट मैचों में राष्ट्रीय टीम की कप्तानी भी की।

उन्हें 1970 में पद्म श्री पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। बेदी ने कई वर्षों तक इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में नॉर्थम्पटनशायर का प्रतिनिधित्व भी किया था। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 1,560 विकेट लेकर अपना करियर समाप्त किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *