अर्जुन पुरस्कार मेरी पहली पसंद : सुमित अंतिल

0

नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। टोक्यो पैरालिंपिक के स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल ने शुक्रवार को कहा कि अर्जुन पुरस्कार के लिए नामांकित होना उनकी निजी इच्छा है। लेकिन शोपीस इवेंट में अपने प्रदर्शन के लिए इनाम पाने की बात आने पर वह सरकार और निर्णय लेने वाली समिति के फैसले को स्वीकार करेंगे।

मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए नहीं बल्कि अर्जुन पुरस्कार के लिए नामांकित होने के इच्छुक क्यों हैं, इस पर प्रकाश डालते हुए, पैरा-एथलीट ने कहा, “यह मेरी व्यक्तिगत पसंद है कि मैं पहले अर्जुन पुरस्कार लेना चाहता हूं, क्योंकि बचपन से, मैंने पुरस्कार के बारे में सुना था। मैंने जिस भी बड़े एथलीट के बारे में सुना या देखा, उसे सबसे पहले अर्जुन पुरस्कार मिला। बचपन से, मैंने अर्जुन पुरस्कार का सपना देखा है।”

खेल रत्न पुरस्कार पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, “भविष्य में मैं निश्चित रूप से अपने प्रदर्शन के साथ इसे प्राप्त करना चाहूंगा, लेकिन अभी मैं अर्जुन पुरस्कार चाहता हूं। लेकिन यह सरकार और समिति पर निर्भर है कि वह अंतिम फैसला करे और मैं महसूस करें कि यह सबसे अच्छा निर्णय होगा।”

भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) ने मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार 2021 के लिए निशानेबाज मनीष नरवाल, हाई जम्पर शरद कुमार, शटलर प्रमोद भगत और भाला फेंकने वाले सुंदर सिंह गुर्जर के नामों की भी सिफारिश की है। इन चारों ने हाल ही में भारत के लिए टोक्यो पैरालंपिक में पदक जीते हैं।

पिछले महीने, केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि टोक्यो पैरालिंपिक में पदक विजेताओं को इस साल के राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में पुरस्कृत किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *