अय्यर ने की पंत के कप्तानी की तारीफ, कहा-टीम को बेहद अच्छे तरीके से संभाला है

0

अबू धाबी, 23 सितंबर (हि.स.)। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली 8 विकेट की जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने रिषभ पंत के कप्तानी की तारीफ की है।

दिल्ली के पूर्व कप्तान ने कहा, ”रिषभ बेहतरीन तरीके से टीम की अगुवाई कर रहे हैं। इस सीजन की शुरुआत से ही पंत ने दिल्ली कैपिटल्स की टीम को बेहद अच्छे तरीके से संभाला है। मेरा मकसद टीम को जीत दिलाना है।”

बता दें कि अय्यर के चोटिल होने के बाद पंत को दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी सौंपी गई थी।

अय्यर ने पंत के कप्तान बने रहने पर कहा, ”पंत का काम अच्छा रहा है और इसलिए टीम मैनेजमेंट की ओर से पूरे सीजन के लिए पंत को टीम की कमान सौंपी गई है। कप्तानी के मामले में मैं पूरी तरह से टीम मैनेजमेंट के इस फैसले का सम्मान करता हूं।”

गौरतलब है कि 2018 में गौतम गंभीर ने आईपीएल के मध्य में दिल्ली की कप्तानी छोड़ने के बाद अय्यर को कप्तान बनाया गया था। अय्यर की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 2019 में प्लेऑफ में जगह बनाने में कामयाब रही, जबकि 2020 में टीम ने पहली बार फाइनल में जगह बनाई।

हालांकि इस साल इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई सीमित ओवरों की श्रृंखला में अय्यर का कंधा चोटिल हो गया था, जिसके कारण अय्यर को चार महीने तक टीम से दूर रहना पड़ा और दिल्ली कैपिटल्स ने पंत को कप्तान नियुक्त किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *