एयर शो : भारत-पाक युद्ध के 50 साल पूरे होने पर सुखना लेक के ऊपर वायु सेना ने दिखाया पराक्रम

0

 हरियाणा, पंजाब और हिमाचल के राज्यपालों ने बढ़ाया उत्साह



चंडीगढ़, 22 सितम्बर (हि.स)। आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में बुधवार को भारतीय वायु सेना ने भारत-पाक युद्ध (1971) के 50 वर्ष पूरे होने पर चंडीगढ़ की सुखना लेक के ऊपर एयर शो का आयोजन किया। इस एयर शो में राफेल फाइटर जेट, चिनूक हेलीकॉप्टर के हैरत अंगेज करतब देखने को मिले। इसके साथ गरुड़ कमांडोज ने भी अपनी कार्यशैली का प्रदर्शन किया।

हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने देशवासियों को आजादी के अमृत महोत्सव और भारत की पाक पर विजय के 50 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत के वीर जवानों के शौर्य की बदौलत 75 वर्ष पूर्व देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई। इस युद्ध में भारतीय सेनाओं ने बांग्लादेश को भी पाकिस्तान से आजाद करवाया था। इसी उपलक्ष्य में भारत की वायु सेना ने अपने शौर्य प्रदर्शन के लिए एयर शो का आयोजन किया है। दत्तात्रेय ने कहा कि भारतीय सेनाओं की ओर से समय-समय पर इस प्रकार के आयोजन किए जाते रहते हैं। इन आयोजनों से सेना का मनोबल तो बढ़ता ही है।

पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने कहा कि आज देश की तीनों सेनाएं थल, वायु और नौसेना नए उपकरणों, हथियारों, नई टेक्नोलॉजी तथा नई वार तकनीक से सुसज्जित है। भारत हर तरह से सुरक्षा के मामले में पूरी सामर्थ्य रखता है। भारत अब 1962 वाला भारत नहीं है। हमारे सैनिक हर परिस्थिति से निपटने में सक्षम हैं। हिमाचल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने कहा कि इस एयर शो से भारतीय नागरिकों को विश्वास हुआ है कि आज भारत का जल, थल, व नभ पूरी तरह सुरक्षित है।

तीनों राज्यपालों ने सभी सरकारी, गैर सरकारी, सामाजिक, धार्मिक संगठन और आम नागरिकों से अपील की है कि वे आजादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों को आयोजन करें और ज्यादा से ज्यादा इन कार्यक्रमों में भाग लें। कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना के अधिकारी और चंडीगढ़ यूटी प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *