देश में ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन के तहत 1.2 करोड़ परामर्श दिए गए

0

रोजाना 90 हजार लोग हो रहे हैं लाभान्वित



नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय टेलीमेडिसिन सेवा, ई-संजीवनी ने मंगलवार को 1.2 करोड़ (120 लाख) परामर्श पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय टेलीमेडिसिन सेवा से रोजाना 90,000 मरीज लाभ ले रहे हैं।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक मंगलवार तक ई-संजीवनी (डॉक्टर टू डॉक्टर ) ने लगभग 67,00,000 परामर्श पूरे कर लिए हैं। इसे आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों पर लागू किया जा रहा है। इसे नवंबर 2019 में शुरू किया गया था। आंध्र प्रदेश ई -संजीवनी एबी-एचडब्लूसी सेवाओं को शुरू करने वाला पहला राज्य था।

वहीं, ई-संजीवनी ओपीडी 13 अप्रैल 2020 को देश में पहले लॉकडाउन के दौरान शुरू की गई थी, जब सभी ओपीडी बंद थे। अबतक, ई-संजीवनी ओपीडी के माध्यम से 51,00,000 से अधिक रोगियों की सेवा की जा चुकी है।

उल्लेखनीय है कि ई-संजीवनी सेवा से लोग घर बैठे तमाम बीमारियों के चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श ले रहे हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की राष्ट्रीय टेलीमेडिसिन सेवा ई-संजीवनी दो मोड के माध्यम से परिचालित होती है। एक डॉक्टर टू डॉक्टर टेलीमेडिसिन प्लेटफॉर्म और दूसरी ई-संजीवनी ओपीडी जो रोगी से डॉक्टर के लिए आयोजित की जाती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *