हिमाचल प्रदेश : अपर शिमला में पहाड़ी से गिरी विशाल चट्टान, एनएच-पांच अवरुद्ध

0

शिमला, 20 सितम्बर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में बारिश के बाद भूस्खलन की घटनाएं थम नहीं रही हैं। अब अपर शिमला के मतियाना के पास शिलारू में सोमवार को भूस्खलन की घटना घटी। भूस्खलन के बाद शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे बंद हो गया है। इसकी वजह से भारी संख्या में यात्री रास्ते में फंस गए हैं। जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर एक बजे के करीब पहाड़ी से अचानक एक विशाल चट्टान हाईवे पर आ गिरी। गनीमत यह रही कि हाईवे पर कोई वाहन भूस्खलन की चपेट में नहीं आया।

हाईवे अवरुद्ध होने से दोनों ओर वाहन फंस गए। सूचना मिलने पर प्रशासन और हाईवे प्रबंधन की टीमें हाईवे बहाल करने में जुटीं। अंतिम जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भूस्खलन की इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। एनएच को पूर्ण रूप से बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

मौसम विभाग ने आगामी 24 सितम्बर तक राज्य में मौसम के खराब रहने का अनुमान जताया है। अगले 24 घंटों के दौरान कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार मानसून सीजन में भारी बारिश से राज्य में चल एवं अचल संपत्ति को एक हजार करोड़ से अधिक का नुकसान हो चुका है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *