आकाश चोपड़ा ने पूछा- कौन होगा आरसीबी का अगला कप्तान, मैक्सवेल-डिविलियर्स का दिया विकल्प

0

नई दिल्ली, 20 सितंबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के बाद आईपीएल फ्रेंचाइजी टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तानी छोड़ने को लेकर विराट कोहली की घोषणा के बाद अटकलों का दौर शुरू हो गया है। पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट कू पर आरसीबी के अगले कप्तान को लेकर पोल शुरू किया है।

आकाश चोपड़ा ने कू पर पूछा है कि कोहली के बाद बैंगलोर की टीम का कप्तान कौन होगा। उन्होंने इस सवाल के जवाब के लिए डिविलियर्स और मैक्सवेल के रूप में दो विकल्प भी दिए हैं।

विराट कोहली ने रविवार को घोषणा की थी कि आरसीबी के कप्तान के रूप में यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन होगा। उन्होंने कहा था कि वो अपना कार्यभार संतुलित करने के लिए आरसीबी की कप्तानी छोड़ेंगे। हालांकि बतौर खिलाड़ी बैंगलोर के लिए खेलना जारी रखेंगे।

आकाश चोपड़ा ने कोहली के आरसीबी की कप्तानी छोड़ने के फैसले का समर्थन भी किया है। उन्होंने कहा कि अगर वाकई कोहली को ब्रेक चाहिए तो आरसीबी की कप्तानी छोड़ने का फैसला एकदम सही है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में कोहली ने घोषणा की थी कि इस साल यूएई और ओमान में होने वाले टी20 विश्व कप के बाद वह टी20 इंटरनेशनल प्रारूप में कप्तानी नहीं करेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *