ई-श्रम पोर्टल पर एक करोड़ से ज्यादा श्रमिकों का हुआ पंजीकरण : श्रम मंत्रालय

0

नई दिल्ली, 20 सितम्बर (हि.स.)। असंगठित श्रमिकों के लिए बनाए गए ई-श्रम पोर्टल पर अब तक एक करोड़ से ज्यादा श्रमिक अपना पंजीकरण करा चुके हैं। श्रम मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी।

श्रम मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि ई-श्रम पोर्टल पर अब तक एक करोड़ से अधिक असंगठित श्रमिकों का पंजीकरण हो चुका है। दरअसल यह असंगठित श्रमिकों से जुड़ा देश का पहला राष्ट्रीय डेटाबेस है। ई-श्रम पोर्टल पर प्रवासी कामगारों के पंजीकरण की सुविधा के लिए अभियान 26 अगस्त, 2021 को शुरू किया गया था, जिसके बाद से बड़ी संख्या में श्रमिकों ने इस पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया है।

मंत्रालय के मुताबिक पोर्टल के शुरू किये जाने के 24 दिनों में एक करोड़ श्रमिकों ने इस पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। विभिन्न क्षेत्रों के असंगठित श्रमिकों का व्यापक डेटाबेस तैयार करने की दिशा में उठाया गया यह पहला कदम है। इसमें निर्माण, परिधान विनिर्माण, मछली पकड़ना, फुटकर विक्रय, घरेलू काम, कृषि और संबद्ध वर्ग, परिवहन क्षेत्र आदि के असंगठित श्रमिक शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि आर्थिक सर्वेक्षण 2019-20 के मुताबिक देश में अनुमानित रूप से 38 करोड़ असंगठित श्रमिक हैं, जिन्हें इस पोर्टल पर पंजीकृत करने का लक्ष्य रखा गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *