अफगान, अमेरिकी और यूरोपीय लोगों को लेकर काबुल एयरपोर्ट से कतर पहुंची फ्लाइट

0

दुबई, 20 सितंबर (हि.स.)। अफगानिस्तान से अमेरिका की पूर्ण रूप से वापसी के बाद रविवार को काबुल से 230 से अधिक यात्रियों को लेकर एक फ्लाइट कतर पहुंची है। इस विमान में अफगान, अमेरिकी और यूरोपीय शामिल थे। यह जानकारी कतर के एक अधिकारी ने दी।

कतर के सहायक विदेश मंत्री लोलवाह राशिद अल खटर ने ट्वीट कर बताया कि कतर एयरवेज द्वारा संचालित उड़ान में जर्मनी, बेल्जियम, आयरलैंड, कनाडा, फ्रांस, इटली, ब्रिटेन, फिनलैंड और नीदरलैंड के नागरिकों को भी लेकर आई है। कतर के एक दूसरे अधिकारी ने बताया कि उड़ान में 236 यात्री थे, जो 31 अगस्त को अमेरिका और सहयोगी बलों की वापसी के बाद से यह सबसे बड़ी निकासी उड़ान है।

ज्ञात हो कि 31 अगस्त को अमेरिकी सैनिकों के वापसी के बाद से वहां फंसे अमेरिकी नागरिकों को निकलना कठिन हो गया था। इसके साथ ही हवाई अड्डे को नुकसान होने के कारण यहां से परिचालन भी कठिन हो गया था। हालांकि हवाई अड्डे पर परिचालन को सामान्य करने में तुर्की और कतर ने मदद की थी।

13 सितंबर को करीब 28 दिन बाद पाकिस्तानी विमान काबुल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरा था। अफगानिस्तान में तालिबानी कब्जे के करीब एक महीने बाद काबुल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहली कमर्शियल फ्लाइट लैंड हुई थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *