नरेन्द्र मोदी का जीवन देश और मानवता को समर्पित : गिरिराज सिंह

0

बेगूसराय, 17 सितंबर (हि.स.)। शिल्पदेव भगवान विश्वकर्मा की पूजा के साथ ही शुक्रवार को नवभारत निर्माण के शिल्पी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिवस सेवा समर्पण अभियान के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 71 वें जन्मदिन के अवसर पर बधाई का तांता लगा हुआ है। रात 12 बजे से ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मोदीमय हो गया है। केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री एवं बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए लोगों से सेवा समर्पण कार्य करने की अपील की है।

गिरिराज सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना पूरा जीवन देश और मानवता की सेवा में समर्पित कर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए हम सभी 17 सितम्बर से सात अक्टूबर तक सेवा और समर्पण अभियान में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद करेंगे।

उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई मोदी का जन्मदिन वर्षों से मनाता रहा हूं। लेकिन आज पूरा देश उनका जन्मदिन सेवा समर्पण के रूप में मना रहा है। नरेन्द्र मोदी की पूरी जिंदगी देश की सेवा में समर्पित भाव से लगी हुई है। मुख्यमंत्री के बाद प्रधानमंत्री के रूप में वे देश की, देश के जन-जन की सेवा कर रहे हैं। इसलिए आज सभी लोग गरीबों के बीच जाकर सेवा के भाव को समर्पित कर रहे हैं, यही उनके जन्मदिन की सार्थकता है। गिरिराज सिंह ने कहा कि मैं लखनऊ में पूजा-अर्चना कर गरीबों की सेवा करुंगा, महादेव और बजरंगबली की पूजा कर प्रधानमंत्री के यशस्वी और दीर्घायु जीवन की कामना कर रहा हूं, आप भी करें। इधर, भाजपा के तमाम प्रकोष्ठ द्वारा प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, तमाम मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया है। सरकारी अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरण तथा विभिन्न जगहों पर पौधरोपण भी किया जा रहा है। उसके बाद सभी कार्यकर्ता कोरोना टीकाकरण उत्सव में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगाई जा रही है। शाम को सभी शक्ति केंद्र, मंडल एवं जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न मंदिरों में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *