16 सितंबर: इतिहास के पन्नों में

0

‘आठवां सुर’- उस्ताद बड़े गुलाम अली खां ने उन्हें ‘सुस्वरलक्ष्मी’ कहा तो लता मंगेशकर के लिए वे ‘तपस्विनी’ और किशोरी आमोनकर के लिए ‘आठवां सुर’ थीं, जो संगीत के सात सुरों से ऊंचा है। महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू भी जिनके प्रशंसकों में शामिल थे, उनका नाम था मदुरै षण्मुखवडिवु सुब्बुलक्ष्मी। शास्त्रीय संगीत की दुनिया में उन्हें एमएस के नाम से भी जाना जाता था।

16 सितंबर 1916 को तमिलनाडु के मदुरै शहर में पैदा हुए सुब्बुलक्ष्मी कर्नाटक संगीत की प्रमुख हस्ताक्षरों में रहीं। उन्होंने कर्नाटक संगीत में उस वक्त मजबूत उपस्थिति दर्ज करायी जब इसमें पुरुषों का वर्चस्व था और महिलाओं के लिए अघोषित रूप से यह वर्जित क्षेत्र माना जाता था। बेमिसाल मेधा के दम पर सुब्बुलक्ष्मी ने इस मिथक को तोड़कर रख दिया।

बहुत छोटी आयु से ही संगीत की शिक्षा शुरू कर दी थी। केवल दस साल की उम्र में उन्होंने अपना पहला डिस्क रिकॉर्ड किया। सेम्मनगुडी श्रीनिवास अय्यर से कर्नाटक संगीत और पंडित नारायणराव व्यास से हिंदुस्तानी संगीत की उच्च शिक्षा हासिल की। आगे चलकर उन्होंने मलयालम से लेकर पंजाबी तक अनेक भारतीय भाषाओं में गीत रिकॉर्ड किये।

उन्होंने कुछ फिल्मों में अभिनय भी किया। 1945 में फिल्म- ‘मीरा’ में उनकी मुख्य भूमिका को काफी सराहना मिली जो तमिल और हिंदी में बनायी गयी थी। इस फिल्म में उन्होंने मीरा के कई भजन भी गाए। इसके साथ ही उन्होंने अपने पति सदाशिवम के साथ भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में भी योगदान दिया। कहते हैं कि उन्हें जो भी कमाई होती, उसका बड़ा हिस्सा स्वतंत्रता आंदोलन और कस्तूरबा गांधी फाउंडेशन के लिए समर्पित कर देतीं।

1954 में पद्मभूषण सम्मान हासिल करने वाली सुब्बुलक्ष्मी पहली भारतीय हैं, जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र संघ की सभा में संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किया। 1998 में उन्हें देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न प्रदान किया गया। 11 दिसंबर 2004 को चेन्नै में 88 वर्ष की उम्र में एमएस ने आखिरी सांसें लीं।

अन्य अहम घटनाएंः

1630ः मैसाच्युसेट्स के इलाके शॉमट का नाम बदलकर बोस्टन किया गया जो अब अमेरिका का प्रमुख शहर है।

1795ः ब्रिटेन ने दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन पर कब्जा किया।

1821ः मैक्सिको को स्वतंत्रता मिली।

1848ः फ्रांस ने अपने सभी उपनिवेशों में दास प्रथा को खत्म किया।

1861ः ब्रिटेन के डाकघर ने बचत बैंक खातों की सुविधा शुरू की।

1893ः झंडा गीत ‘विजय विश्व तिरंगा प्यारा’ के रचयिता श्यामलाल गुप्त पार्षद का जन्म।

1932ः मलेरिया के मच्छरों की पहचान करने वाले नोबल पुरस्कार विजेता डॉ. रोनाल्ड रॉस का जन्म।

1968ः प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी का जन्म।

1975ः पापुआ न्यू गिनी को ऑस्ट्रेलिया से मुक्ति मिली।

1977ः केसरबाई केरकर मुंबई में निधन।

1978ः जनरल जिया उल हक पाकिस्तान के राष्ट्रपति निर्वाचित।

2017ः भारतीय वायुसेना के सबसे वरिष्ठ और पांच सितारा रैंक तक पहुंचने वाले इकलौते मार्शल अर्जन सिंह का निधन।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *