तीसरी बार और पांच सालों के लिए केजरीवाल चुने गए आप के राष्ट्रीय संयोजक

0

नई दिल्ली, 12 सितंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को रविवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय संयोजक चुना गया।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले जनवरी में पार्टी के संविधान में बदलाव किया गया था। बदलाव के तहत पार्टी में कोई व्यक्ति अब दो से ज्यादा बार भी शीर्ष पद पर रह सकता है। इसके पहले 3 वर्षों के दो कार्यकाल के बाद पद छोड़ना अनिवार्य था। बदलाव के तहत कार्यकाल को भी 3 से 5 साल कर दिया गया था।

केजरीवाल का दूसरा कार्यकाल 2019 में समाप्त होना था। हालांकि लोकसभा और विधानसभा चुनावों के चलते इसे 1 वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया था। इसके बाद कोविड के चलते बैठकें नहीं हो पाई थी। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की आज की बैठक में कई निर्णय सर्वसम्मति से हुए। इसमें वरिष्ठ नेता पंकज गुप्ता को राष्ट्रीय सचिव और एनडी गुप्ता को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष चुना गया।

आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की शनिवार को बैठक हुई थी। इसमें 34 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी का चुनाव किया गया। इस राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने आज राष्ट्रीय संयोजक सचिव और कोषाध्यक्ष का चुनाव किया। यह बैठकें वर्जुअल माध्यम से आयोजित की गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *