उत्तराखंड को कभी नहीं भूलूंगी : बेबी रानी मौर्य

0

देहरादून, 12 सितम्बर (हि. स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल पद से त्यागपत्र दे चुकीं बेबी रानी मौर्य ने शनिवार रात मुख्यमंत्री आवास में आयोजित विदाई समारोह में कहा कि उत्तराखण्ड को वे कभी नहीं भूल सकती हैं। इस प्रदेश की जनता ने उन्हें जो सम्मान दिया है उसके लिए वे आभारी हैं।

मुख्यमंत्री आवास स्थित जनता मिलन हॉल में शनिवार को बेबी रानी मौर्य के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें पौधा, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

बेबी रानी मौर्य ने कहा कि यहां के फलों, जड़ी बूटी व अन्य परम्परागत उत्पादों की प्रदर्शनी देश के विभिन्न भागों में आयोजित की जानी चाहिए। इससे राज्य को पहचान मिलेगी। उन्होंने राज्य की महिलाओं के कल्याण के लिए भी बहुत कुछ किए जाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि वे गंगोत्री व यमुनोत्री के दर्शनार्थ यहां आएंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बेबी रानी मौर्य ने सदैव एक अभिभावक की तरह उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने मुझे मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई है, इसका भी स्मरण उन्हें जीवन भर रहेगा। छोटे भाई की तरह उनका स्नेह उन्हें प्राप्त होता रहा है। उनके सभी से आत्मीय सम्बन्ध रहे। प्रदेश की जनता में वे काफी लोकप्रिय रहीं।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उनका सम्बन्ध उत्तराखण्ड से सदैव बना रहेगा तथा उत्तराखण्ड भी उनका सहयोगी बना रहेगा। यहां से जाने के बाद भी उत्तराखण्ड के प्रति उनका स्नेह बना रहेगा, इसकी भी उन्होंने कामना की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *