राष्ट्रपति ने उत्तराखंड, पंजाब, तमिलनाडु और नगालैंड के राज्यपाल नियुक्त किये

0

नई दिल्ली, 10 सितम्बर (हि.स.)। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने गुरुवार को उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य का इस्तीफा स्वीकार कर उनके स्थान पर लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह को नया राज्यपाल नियुक्त किया है।

राष्ट्रपति ने पंजाब का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे बनवारीलाल पुरोहित को राज्य का नियमित राज्यपाल बनाने के साथ ही तमिलनाडु में भी नए राज्यपाल की नियुक्ति कर दी है। इसके अलावा असम के राज्यपाल जगदीश मुखी को नगालैंड के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

राष्ट्रपति भवन ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राष्ट्रपति ने उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति को नई नियुक्तियां करते हुए प्रसन्नता हो रही है।

तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित, जो वर्तमान में पंजाब के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं, अब उन्हें पंजाब के नियमित राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया है।

नगालैंड के राज्यपाल आर.एन. रवि को तमिलनाडु के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया है।

लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, पीवीएसएम, यूवाईएसएम, एवीएसएम, वीएसएम (सेवानिवृत्त) को उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया है। वहीं असम के राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी को नियमित व्यवस्था होने तक, अपने स्वयं के कर्तव्यों के अलावा नगालैंड के राज्यपाल के कार्यों के निर्वहन के लिए नियुक्त किया जाता है।

राष्ट्रपति भवन के अनुसार, ये सभी नियुक्तियां उनके संबंधित कार्यालयों का कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *