महिलाओं की भागीदारी से भारत के जीडीपी में आएगा उछाल : गिरिराज सिंह

0

बेगूसराय, 05 सितम्बर (हि.स.)। केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि मातृशक्ति सदैव हरेक क्षेत्रों में अपनी अग्रणी भूमिका निभाती है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने में बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक महिलाओं की महत्वपूर्ण और सक्रिय भूमिका रही है।

रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा के जिला कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि बेगूसराय और बिहार ही नहीं, पूरे देश की भाजपा महिला मोर्चा पूरी तरह से सशक्त है। लेकिन सब मिलजुल कर इसकी ताकत को और आगे बढ़ाएं। पंचायत चुनावों में भी महिलाओं की अहम भागीदारी हो, जिससे एक बेहतर समाज का निर्माण हो सके।

गिरिराज सिंह ने कहा कि मोदी सरकार सभी लोगों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि जीडीपी में जिस दिन महिलाओं की सार्थक भागीदारी हो जाएगी, उस दिन से भारत के जीडीपी में भयंकर उछाल आएगा। अब महिलाएं जीडीपी में हिस्सा देने के लिए कदम आगे बढ़ा चुकी हैं, अभी यह कदम तेजी से बढ़ेगा, अभी भारत का जीडीपी 18 के करीब है, यह तेजी से बढ़ेगा। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले देश में मात्र दो करोड़ 35 लाख सेल्फ हेल्प ग्रुप थे, आज उनकी संख्या सात करोड़ 75 लाख से अधिक हो गया है, यह बताता है कि लोगों को मोदी पर कितना भरोसा है।

महिला सशक्तिकरण महिलाओं को संरक्षण के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। उनके स्वास्थ्य के लिए हर घर गैस चूल्हा पहुंचाया गया। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले तक सिर्फ 13 करोड लोग गैस का उपयोग करते थे, आज 28 करोड़ लोग उपयोग कर रहे हैं। इसमें से सिर्फ उज्ज्वला योजना के तहत गैस लेने वालों की संख्या दस करोड़ के करीब पहुंच चुकी है। गिरिराज सिंह ने कार्यकर्ताओं से मिलजुल कर संगठन के उद्देश्य को पूरा करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हर लोगों तक पहुंचाने की अपील किया।

कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने कहा कि महिला मोर्चा की सभी कार्यकर्ता संगठन के कार्यों में सदैव तत्पर रहते हैं। सरकार द्वारा चलाए जा रहे जनकल्याणकारी योजनाओं का आमलोगों को लाभ दिलवाने तथा प्रचारित और प्रसारित करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनैना देवी तथा संचालन महामंत्री अनुराधा झा ने किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *