छत्तीसगढ़ः कोरिया के एसपी संतोष सिंह आईएसीपी अवार्ड से होंगे सम्मानित

0

रायपुर, 2 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह को अमेरिका स्थित अंतरराष्ट्रीय पुलिसिंग संस्था इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ चीफ्स ऑफ पुलिस (आईएसीपी) ने आईएसीपी अवार्ड-2021 से सम्मानित करने की घोषणा की है।

सिंह को यह अवार्ड ’40 अंडर 40′ कैटेगरी में दिया जा रहा है। यह विश्व के 40 वर्ष से कम आयु के ऐसे पुलिस अधिकारी जिन्होंने बेहतर नेतृत्व क्षमता के साथ पुलिसिंग कार्यों में नये प्रयोगों एवं अच्छे कार्यों से परिवर्तन लाने का प्रयास किया है, उन्हें दिया जाता है। सिंह को उनके द्वारा पिछले आठ वर्षों में बेहतर पुलिसिंग एवं पुलिस की छवि सुधारने में किए गए कार्यों के आकलन के आधार पर यह अवार्ड दिया जा रहा है। इस बार विश्व के छह देशों- संयुक्त राज्य अमेरिका, यूएई, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, कोरिया और भारत के 40 पुलिस अधिकारियों को इस अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। इनमें देश से उत्तरप्रदेश कैडर के आईपीएस अमित कुमार का नाम भी शामिल है।

आईएसीपी प्रति वर्ष इस तरह के अवार्ड्स सितंबर माह में अपने वार्षिक समारोह में घोषित करता है और अगले साल के समारोह में अवार्ड पाने वालों को अपने मुख्यालय टेक्सास में व्यक्तिगत रूप से बुलाकर सम्मानित करता है। अधिकारियों को अक्टूबर 2022 में टेक्सास, अमेरिका में यह अवार्ड प्रदान किया जाएगा। पूर्व में छत्तीसगढ़ से डीआईजी ईओडब्ल्यू आरिफ शेख को यह अवार्ड प्राप्त हुआ है। आईएसीपी में विश्व के 165 देशों के पुलिस अधिकारी शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि संतोष सिंह ने बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लंबे समय तक काम किया है। महासमुंद में पदस्थ रहने के दौरान बाल हितैषी पुलिसिंग को मजबूत करते हुए उन्होंने लगभग एक लाख बच्चों को सेल्फ-डिफेंस का प्रशिक्षण दिलाया, जो विश्व रिकार्ड है। इन कार्यों के लिए उन्हें उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू के हाथों दिल्ली के विज्ञान भवन में दिसंबर 2018 में ‘चैंपियंस ऑफ चेंज’ अवार्ड मिला।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *