सत्ता का वनवास खत्म करने के लिए रणनीति बनाने में जुटी गुजरात कांग्रेस

0

प्रशांत किशोर की टीम ने गुजरात में कांग्रेस के लिए शुरू किया चुनावी सर्वे

 कांग्रेस विधायकों की बैठक में प्रशांत किशोर के नाम पर भी हुई चर्चा

 चुनाव में राहुल गांधी होंगे गुजरात कांग्रेस के स्टार प्रचारक



अहमदाबाद, 27 अगस्त (हि.स.)। गुजरात में कांग्रेस ने अपनी सत्ता के 25 साल से चल रहे वनवास को खत्म करने के लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है। कांग्रेस विधायकों ने एक बैठक कर राज्य में पार्टी के संगठन के पुनर्गठन करने के लिए हाईकमान से मांग की है। कांग्रेस ने राज्य में अगले विधानसभा चुनाव में 125 सीटें जीतनें का लक्ष्य तय किया है। खबर यह भी है कि चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर को कांग्रेस की ओर से फिर बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसी बीच आगामी विधानसभा चुनाव के मुद्दों और जनता के दिल की बात समझने के लिए प्रशांत किशोर की टीम ने गुजरात में सर्वे शुरू कर दिया है।

दरअसल, गुजरात में 2022 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दिल्ली में गुरुवार को कांग्रेस नेता भरत सिंह सोलंकी और प्रशांत किशोर के बीच बैठक भी हुई थी। कुछ दिन पहले हुई गुजरात कांग्रेस विधायकों की बैठक में भी प्रशांत किशोर के मुद्दे पर चर्चा हुई थी। गुजरात कांग्रेस में प्रभारी राजीव सातव के बाद अभी भी प्रभारी का पद रिक्त है। राज्य में प्रदेश अध्यक्ष और विपक्ष के नेता का भी नाम अभी तक कांग्रेस आलाकमान निश्चित नहीं कर पाई है। अगर प्रशांत किशोर को गुजरात कांग्रेस की जिम्मेदारी दी जाती है तो उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती गुजरात में कांग्रेस के 25 साल का वनवास खत्म करने की होगी।

गुजरात में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के साथ ही कांग्रेस ने नए संगठन के गठन की तैयारी शुरू कर दी है, जिसके चलते शुक्रवार को गांधीनगर में कांग्रेस विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने के साथ ही गुजरात कांग्रेस के संगठन प्रभारी, विधानसभा में विपक्ष के नेता और प्रदेश अध्यक्ष के पद पर जल्दी नियुक्ति के लिए भी चर्चा हुई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री के दिल्ली जाने और हाईकमान से मांग करने के अलावा संगठन के खली पड़े पदों पर नियुक्ति के लिए हाईकमान से वार्ता करने के लिए विधायको को दिल्ली भेजने पर सहमति व्यक्त की। कांग्रेस विधायकों की बैठक में बड़ा फैसला लिया गया है कि राहुल गांधी 2022 के चुनाव में गुजरात कांग्रेस के स्टार प्रचारक होंगे।

राज्य विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की बैठकों का सिलसिला शुरू हो गया है। गुरुवार को दिल्ली में कांग्रेस नेता भरतसिंह सोलंकी ने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के साथ बैठक की। भरतसिंह और प्रशांत किशोर के बीच करीब दो घंटे तक बैठक चली। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव पर चर्चा की गई। हालांकि, प्रशांत किशोर को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान गुजरात कांग्रेस की कमान रणनीतिकार प्रशांत किशोर को सौंपकर नया खेल खेलने को तैयारी में है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में 125 सीटें जीतने का भी लक्ष्य रखा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *