महाराष्ट्रः बुलढाणा में ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, 13 मजदूरों की मौत

0

मुंबई/बुलढाणा, 20 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के बुलडाणा जिले के तढेगाव के निकट समृद्धि महामार्ग पर शुक्रवार दोपहर को लोहे के सरिये से भरा ट्रक पलटने से 13 मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि 3 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। ट्रक पर 16 लोग सवार थे।

स्थानीय पुलिस अधिकारी के अनुसार बुलढाणा जिले की सिंदखेडराजा तहसील के तहत आनेवाले तढेगांव के समीप समृद्धि महामार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य में लगा एक ट्रक लोहे के सरिये लेकर साइट की तरफ जा रहा था, जिसमें 16 मजदूर सवार थे। इसी दौरान रोडवेज बस को साइड देते समय यह ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में ट्रक पर सवार 13 मजदूरों की घटनास्थल पर मृत्यु हो गई। वही 3 मजदूर घायल हो गए हैं। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

घायलों को किणगाव के ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनको जालना स्थित जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायलों की हालत नाजुक है। बताया जा रहा है कि मुंबई-नागपुर समृद्धि महामार्ग के निर्माण कार्य में मध्यप्रदेश और बिहार के मजदूर काम कर रहे हैं। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *