ग्वालियर में निगम दफ्तर पर तिरंगा लगाते समय हाइड्रोलिक लिफ्ट टूटी, तीन की मौत

0

ग्वालियर, 14 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम के दफ्तर पर शनिवार सुबह राष्ट्र ध्वज लगाते समय हाइड्रोलिक लिफ्ट अचानक टूट गई। इस हादसे में लिफ्ट पर काम कर रहे तीन कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि तीन लोगों के घायल होने की खबर है। इधर, तीन लोगों की मौत से बौखलाए एक वकील ने प्रभारी निगम आयुक्त को चाटा मार दिया, जिसके बाद पुलिस ने वहां से भीड़ हटाकर निगम अफसरों को निकाला।

ग्वालियर में महाराज बाड़ा स्थित नगर निगम कार्यालय पर तिरंगा लगाते समय शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। जिस हाइड्रोलिक मशीन पर चढ़कर निगम कर्मचारी तिरंगा लगा रहे थे, वह अचानक टूट गई। इस घटना के बाद हर तरफ अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल नीचे लाया गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों के नाम मंजर आलम, कुलदीप दंडौतिया और विनोद बताए गए हैं। जबकि एक कर्मचारी को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल एवं प्रभारी नगर निगम आयुक्त मुकुल गुप्ता मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के साथ ही शवों को डेडहाउस पहुंचाने का काम शुरू किया गया। इसी बीच कुछ लोगों ने घटनास्थल पर हंगामा शुरू कर दिया। घटना से गुस्साए एक वकील ने प्रभारी निगमायुक्त को चाटा मार दिया। ग्वालियर प्रवास पर आए जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट को जब मामले की जानकारी लगी वह तुरंत महाराज बाड़ा पहुंच गए। उन्होंने घटना की जानकारी ली तथा घायल कर्मचारियों के उपचार के पर्याप्त इंतजाम करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीड़ित परिजनों से भी चर्चा की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *