बिहार : पटना के निचले इलाकों में फैला बाढ़ का पानी, नकटा दियारा की स्थिति भयावह
पटना, 09 अगस्त (हि.स.)। पटना में गंगा के बढ़ते जलस्तर से निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में दहशत का माहौल है। पटना के नकटा दियारा में गंगा का पानी कहर बन गया है। करीब 50 एकड़ से अधिक फसलों को नुकसान पहुंचा है।
पटना के सभी प्रभावित 14 वार्डों में एक-एक नाव की व्यवस्था की गई है। रविवार को डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह मौके पर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अफसरों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। रविवार को डीएम ने मोटरबोट से पटना सदर अंचल के बाढ़ प्रभावित नकटा दियारा और बिंदटोली का मुआयना किया। इस दौरान प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। नकटा दियारा पंचायत के वार्ड नंबर 11 में लोगों से समस्या जानी है।
बाढ़ के पानी से घिरा नकटा दियारा में लोग परेशान हैं। डीएम ने लोगों की मांग पर प्रत्येक वार्ड के लिए एक-एक नाव की व्यवस्था जल्द कराने का निर्देश दिया है। अनुमंडल पदाधिकारी पटना सदर को निगरानी का निर्देश दिया गया है।
नकटा दियारा पंचायत में बाढ़ के पानी से लाखों की फसल डूब गई है। दियारा क्षेत्र में प्राय: लोग सब्जी एवं मोटे अनाज की खेती करते हैं। लोगों का खेत बाढ़ के पानी से डूब गया है। प्रशासन ने लोगों की समस्या को देखते हुए फसल की क्षति का आकलन करने का काम तेज कर दिया है। आपदा अनुदान की प्रति परिवार देय राशि की सूची तैयार की जा रही है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को आपदा अनुदान के तहत प्रति परिवार 6000 रुपये दिए जाने हैं।