संयुक्त राष्ट्र में म्यांमार के राजदूत को मारने की साजिश रचने के आरोप में दो गिरफ्तार

0

वॉशिंगटन, 07 अगस्त (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र में म्यांमार के राजदूत क्यॉ मोई तुन की हत्या की साजिश रचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अमेरिकी अटॉर्नी ऑडरे स्ट्रॉस ने एक बयान में कहा है कि दोनों नागरिकों के नाम फ्यो हेइन तुत और ये हेइन जॉ हैं। इन्होंने म्यांमार के राजदूत को गंभीर रूप से घायल करने या उनकी हत्या करने की साजिश रची और इस हमले को अमेरिका में ही अंजाम दिया जाना था।

व्हाइट प्लेन फेडरल कोर्ट के दस्तावेजों के अनुसार म्यांमार की सेना को हथियार बेचने वाले एक शख्स ने इन दोनों को राजदूत को नुकसान पहुंचाने का काम दिया था ताकि राजदूत पद से हट जाएं और अगर वह नहीं हटते हैं तो उन्हें जान से मारने की साजिश रची गई थी। तुन की हत्या करने की साजिश को वेस्टचेस्टर काउंटी में अंजाम दिया जाना था।

उल्लेखनीय है कि क्यॉ मोई तुन ने नागरिक नेता आंग सान सू की को हटाने का कड़ा विरोध किया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *