कैपिटल हिल हिंसा: दो और पुलिस अधिकारियों ने की खुदकुशी, 70 पुलिसवालों ने छोड़ी नौकरी

0

वाशिंगटन, 05 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में इस साल छह जनवरी को कैपिटल हिल (संसद) में हुए हिंसा के दौरान सुरक्षा से जुड़े दो और पुलिस अफसरों ने खुदकुशी कर ली है। इससे पहले भी दो पुलिस अफसर ने आत्महत्या कर जान दी थी। इसके अलवा 70 पुलिस वालों ने नौकरी छोड़ दी है।

कोलंबिया पुलिस विभाग के अनुसार मेट्रोपोलिटन पुलिस ऑफिसर गुंथर हाशिदा अपने घर में मृत मिले हैं। उन्होंने खुदकुशी की है। गुंथर कोलंबिया पुलिस में मई 2003 में शामिल हुए थे। एक अन्य मेट्रोपोलिटन पुलिस ऑफिसर क्येले डीफ्रेटेग की 10 जुलाई को मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार उन्होंने भी खुदकुशी की थी। वह 2016 से पुलिस विभाग में कार्यरत थे।

एक रिपोर्ट में कहा गया था कि अमेरिका में छह जनवरी को कैपिटल हिल (संसद) हिंसा के बाद पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई की दहशत है। अब तक 70 पुलिसकर्मी नौकरी छोड़ चुके हैं। कैपिटल हिल पुलिस यूनियन के अध्यक्ष गस पापाथनासिउ का कहना था कि अधिकारी निराश हैं और वे इस स्थिति को दूर करने का रास्ता तलाश रहे हैं। वे जांच के लंबे समय में तनाव लेकर नहीं जीना चाहते हैं।

एफबीआई प्रमुख क्रिस्टोफर रे का कहना था कि जनवरी में अमेरिकी संसद भवन में हुई हिंसा ‘घरेलू आतंकवाद’ का नतीजा थी।

अमेरिका के राष्ट्रपति पद पर हुए चुनाव में अपनी हार से बौखलाकर ट्रंप के भाषण के बाद उनके समर्थकों ने अमेरिकी संसद कैपिटल पर हमला कर दिया था। इस हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई थी। सौ पुलिसकर्मी घायल हुए थे। अब इस घटना की जांच चल रही है। जांच में उन पुलिस अफसरों से भी पूछताछ की जा रही है, जो उस दौरान सुरक्षा में तैनात थे।

माना जा रहा है कि मानसिक दबाव के कारण ही ये घटनाएं हो रही हैं। इस हमले के तुरंत बाद पांच सौ लोगों को गिरफ्तार किया गया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *