चंबल किनारे सुरक्षा दीवार टूटकर मकान पर गिरने से सात की मौत

0

बूंदी, 04 अगस्त (हि.स.)। हाड़ौती संभाग में बारिश कहर ढा रही है। बूंदी जिले के केशवरायपाटन में मंगलवार देर रात एक मकान ढह गया। हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की दबने से मौत हो गई। मृतकों में चार बच्चे शामिल हैं। हादसे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर दुख जताया है।

नगर पालिका द्वारा नावघाट के पास टीले से मिट्टी का कटाव रोकने के लिए तीन साल पहले ही चंबल किनारे सुरक्षा दीवार बनाई गई थी। लगातार हो रही बारिश से सुरक्षा दीवार टूटकर मकान पर गिर गई। घटना रात ढाई बजे की है। नाव घाट के पास महावीर और महेंद्र केवट दो भाइयों का परिवार रहता है। अचानक मकान ढहने से परिवार मलबे में दब गया। हादसे में मीरा पत्नी महावीर (40), तमन्ना पुत्री महावीर (9), महेंद्र पुत्र सुखलाल (35), अनिता पत्नी महेंद्र (32), दीपिका पुत्री महेंद्र (7), कान्हा पुत्र महेंद्र (5) पूसी (खुशी) पुत्री महेंद्र (10) की मौत हो गई।

हादसे के दौरान मकान में आठ लोग थे। महावीर हादसे की आवाज सुनकर तुरंत घर से बाहर आ गया था। उसने बेटी तमन्ना और पत्नी मीरा को बाहर निकाल लिया। तब तक बेटी की मौत हो गई थी। उसने पत्नी को कोटा एमबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां इलाज के दौरान मीरा की मौत हो गई। महावीर का बेटा सुरेश नाना के घर गया हुआ था। इसलिए वो बच गया।

पुलिस उपाधीक्षक नीतिराज सिंह ने बताया कि रेस्क्यू अभियान जारी है। देर रात मकान ढहने से हादसा हुआ है। एक ही परिवार के 7 लोग दबे थे। हादसे में सभी की मौत हुई है। हादसे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर दुख प्रकट किया। उन्हाेंने लिखा कि बूंदी के केशोरायपाटन में दीवार गिरने से मकान ढहने पर हुए हादसे में 7 लोगों की मृत्यु बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रभावितों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में सम्बल दें एवं दिवंगतों की आत्मा को शान्ति प्रदान करें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *