भारत-चीन एलएसी पर शांति बनाए रखने को हुए सहमत

0

कोर कमांडर स्तर की 31 जुलाई को हुई करीब नौ घंटे बैठक का साझा बयान जारी

 विस्थापन से संबंधित मामलों पर विचारों का स्पष्ट और गहन आदान-प्रदान किया



नई दिल्ली, 02 अगस्त (हि.स.)। भारत और चीन के बीच 12वें दौर की कोर कमांडर स्तर की शनिवार को हुई करीब नौ घंटे बैठक में एक बार फिर दोनों देश की सेनाएं एलएसी पर संयुक्त रूप से शांति बनाए रखने पर सहमत हुई हैं। वास्तविक नियंत्रण रेखा के चीनी हिस्से मोल्डो में 31 जुलाई को सुबह करीब साढ़े दस से हुई बैठक का साझा बयान सोमवार की शाम को भारतीय रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी किया गया है।

साझा बयान में कहा गया है कि पूर्वी लद्दाख सेक्टर में चल रहे सैन्य गतिरोध और तनाव घटाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है। भारत-चीन के बीच कोर कमांडर स्तर की यह 12वीं बैठक 14 जुलाई को दुशांबे में दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक और 25 जून को भारत-चीन सीमा मामलों (डब्लूएमसीसी) पर परामर्श और समन्वय के लिए कार्य तंत्र की 22वीं बैठक के बाद हुई है।

दोनों पक्षों ने भारत-चीन सीमा क्षेत्रों के पश्चिमी क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर विस्थापन से संबंधित शेष क्षेत्रों के समाधान पर विचारों का स्पष्ट और गहन आदान-प्रदान किया। दोनों पक्षों ने नोट किया कि बैठक का यह दौर रचनात्मक था, जिसने आपसी समझ को और बढ़ाया। दोनों पक्ष मौजूदा समझौतों और प्रोटोकॉल के अनुसार शेष मुद्दों को शीघ्रता से हल करने, आगे बातचीत और वार्ता की गति को बनाए रखने पर सहमत हुए।

दोनों पक्ष इस बात पर भी सहमत हुए कि वे पश्चिमी क्षेत्र में एलएसी के साथ स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए अपने प्रभावी प्रयास जारी रखेंगे और संयुक्त रूप से शांति बनाए रखेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *