माकन का दावा, बहुत से मंत्री संगठन में काम करने के लिए मंत्री पद छोडऩे के इच्छुक

0

जयपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी अजय माकन ने मंत्रियों, विधायकों, समर्थित विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ चले तीन दिन के महामंथन के बाद शुकवार को संकेत दे दिए कि कुछ मंत्रियों को अपने दायित्वों से मुक्त कर संगठन का काम सौंपा जाएगा। माकन ने चर्चा का हवाला देते हुए कहा कि कुछ विधायकों व मंत्रियों ने उनसे पेशकश की है कि वे पार्टी हित तथा 2023 में फिर से राजस्थान में कांग्रेस सरकार बनाने के लिए संगठन में काम करने के इच्छुक हैं चाहे उन्हें मंत्रीपद ही क्यों ना छोड़ना पडे। हालांकि माकन ने मंत्रियों के नामों का खुलासा नहीं किया लेकिन कहा कि उन्हें खुशी है कि बड़ी तादाद में मंत्रियों-विधायकों ने संगठन में काम करने की इच्छा जाहिर की है।

विधायकों से रायशुमारी और पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा के बाद शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए माकन ने कहा कि उन्होंने 115 विधायकों, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी और दिल्ली में सचिन पायलट से मिलकर उन्होंने चर्चा की। वन टू वन बातचीत के दौरान 2023 में सत्ता में लौटने के फार्मूले पर विचार जाने गए। उनसे संगठन में जिला व ब्लॉक अध्यक्षों तथा राजनीतिक नियुक्तियों पर भी फीडबैक लिया गया गया। संगठन के पदाधिकारियों से भी इस बारे में राय जानी गई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक में भी इस बात की चर्चा की कि किस तरह कांग्रेस सरकार और संगठन दोनों में बेहतर समन्वय हो सके ताकि मिलकर 2023 में कांग्रेस पार्टी को वापस लेकर आ सके। उन्होंने इस बात पर खुशी जाहिर की कि प्रत्येक विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर संतुष्टि जताई और यही बात आज हमने कार्यकारिणी में तय की कि हम सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि चर्चा के दौरान मुझे बहुत सारे मंत्री और विधायक मिले जिन्होंने कहा कि वे सरकार के पद को छोड़कर अगर जरूरत पड़े तो संगठन को मजबूत करने का काम करना चाहेंगे। उन्होंने मेरा उदाहरण याद दिलाया कि कैसे 2013 में मैंने मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर राहुल गांधी के कहने पर संगठन के लिए काम करना शुरू किया। उन्होंने कहा कि हमारे संगठन में भी ऐसे लोग हैं जो सरकारी पद को छोड़कर संगठन के लिए काम करने को आतुर हैं, ऐसे लोगों के साथ मिलकर हम वापस 2023 में सरकार बनाएंगे।

राजनीतिक नियुक्तियों के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि विधायकों से बातचीत के दौरान मंत्रिमंडल विस्तार, राजनीतिक नियुक्तियों, रिक्त जिला और ब्लाक अध्यक्ष पदों को लेकर चर्चा हुई। एक प्रश्नावली भी थी जिसमें जिला और ब्लाक को किस तरह से मजबूत कर सकते हैं उस संबंध में प्रश्न था। आज भी हमने कांग्रेस प्रदेश कमेटी के पदाधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक निरंतर चर्चा है और विश्वास दिलाया कि जल्द ही नियुक्तियां होंगी और इस बात को लेकर कोई शक नहीं है। सचिन पायलट की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल को टालते हुए उन्होंने कहा कि कहीं कोई मतभेद नहीं हैं। सबका आलाकामन पर भरोसा हैँ।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पीसीसी में एक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुआ है कि जिसमें कहा गया है कि निंबाराम को जल्दी से जल्दी अरेस्ट किया जाए। रामलाल जाट ने यह प्रस्ताव रखा कि सभी लोग मिलकर पीसीसी प्रेसिडेंट डोटासरा को सपोर्ट करें क्योंकि उनके ऊपर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।


प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *