तालिबानी प्रतिनिधिमंडल पहुंचा चीन, विदेश मंत्री से की मुलाकात

0

बीजिंग, 28 जुलाई (हि.स.)। तालिबान का नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल चीन के दो दिवसीय दौरे पर है जहां उन्होंने शांति प्रक्रिया और सुरक्षा मुद्दों पर बातचीत के लिए विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की।

तालिबान के प्रवक्ता मोहम्मद नईम ने बताया कि इस बैठक के दौरान दोनों देशों की सुरक्षा और अफगानिस्तान की मौजूदा स्थिति और शांति प्रक्रिया से जुड़े राजनीतिक, अर्थव्यवस्था और मुद्दों पर चर्चा हुई। तालिबानी प्रवक्ता ने बताया कि तालिबान के डिप्टी लीडर मुल्ला बरादर अखुंद के नेतृत्व में चीन के विशेष दूत से भी मुलाकात हुई। यह यात्रा चीनी प्रशासन की ओर से दिए गए निमंत्रण के बाद हुई है।

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि चीनी राजनयिक वांग यी की तालिबानी प्रतिनिधियों से चीनी शहर तियानजिन में मुलाकात हुई है। मुल्ला बरादर ने चीन को भरोसा दिया है कि अफगान की धरती का इस्तेमाल किसी देश की सुरक्षा के खिलाफ नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान चीन ने अफगानिस्तान के मामलों में हस्तक्षेप नहीं करने का वादा करने के साथ कहा है कि वह समस्याओं को सुलझाने और शांति में मदद करेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने चीन को आश्वासन दिया कि वे किसी को भी चीन के खिलाफ अफगान जमीन का इस्तेमाल नहीं करने देंगे। चीन ने अफगानों के साथ उनकी सहायता जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई और कहा कि वे अफगानिस्तान के मुद्दों में हस्तक्षेप नहीं करेंगे बल्कि देश में शांति बहाल करने और समस्याओं को हल करने में मदद करेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *