पीओके में लगे इमरान खान मुर्दाबाद के नारे, हजारों लोग सड़कों पर उतरे

0

मुजफ्फराबाद, 28 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीआके) में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में धांधली और अराजकता से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है जिसके चलते लोग सड़कों पर उतर आए हैं। घरों से बाहर आए लोगों ने प्रधानमंत्री इमरान खान मुर्दाबाद और विरोधी नारे लगाए। सुरक्षा बलों से कई स्थानों पर झड़प हुई। जगह-जगह रास्ता जाम कर दिया गया है।

पीआके में 25 जुलाई को हुए विधानसभा चुनाव में धांधली के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश अब फूटने लगा है। सत्तारूढ़ इमरान खान की तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी की धांधली और अराजकता में चुनाव आयोग और पुलिस से लेकर सेना तक सभी ने साथ दिया। इसके कारण मतदान के दौरान व्यापक पैमाने पर हिंसक वारदातें हुईं। इमरान की पार्टी के दो कार्यकर्ताओं की मौत के साथ ही सैकड़ों लोग घायल हो गए। चुनाव परिणाम में इमरान की पार्टी को 45 में से 25 सीटें हासिल हुईं। इसी के बाद पूरी घाटी में पाक सेना और सरकार के विरोध में हजारों लोग स़़डकों पर उतर आए। गुजरांवाला में कई स्थानों पर जनता और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झ़़डप हुईं। गुस्साए लोगों ने टायर जलाकर स़़डकों पर डाल दिए। कई स्थानों पर पथराव भी किया गया।

विपक्षी दल पीएमएल-एन की प्रवक्ता मरियम औरंगजेब ने कहा कि अलीपुर छाता में तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के गुंडों ने हिंसा फैलाई और कार्यकर्ताओं पर हमले किए। यहां पुलिस और सेना ने गुंडों का ही साथ दिया।

रास्ता जाम के दौरान सुरक्षा बलों से भिड़ते लोगों ने सेना और प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां सेना के खिलाफ खुलकर बगावत हो गई है।

पीएमएल-एन की उपाध्यक्ष मरयम नवाज ने कहा है कि वह इन चुनाव नतीजों को स्वीकार नहीं करेंगी, जो गुंडागर्दी से हासिल किए गए हैं।

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के उपाध्यक्ष शेरी रहमान ने कहा कि सुनियोजित साजिश और धांधली करके चुनाव परिणाम को चुराया गया है।

पीआके के तथाकथित प्रधानमंत्री राजा फारूक हैदर ने कहा है कि विधानसभा चुनाव दिखावा है। इससे पहले पीएमएल-नवाज के नेता और प्रत्याशी चौधरी मुहम्मद इस्माइल गुज्जर ने कहा कि वह सरकार की इस धांधली के खिलाफ भारत से मदद लेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *