ओलंपिक : मीराबाई चानू ने खोला पदक का खाता, रजत पर किया कब्जा

0

टोक्यो, 24 जुलाई (हि.स.)। भारतीय महिला भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने ओलंपिक में पहला पदक जीत कर पदक तालिका में भारत का खाता खोल दिया है। चानू ने भारोत्तोलन स्पर्धा में भारत के 21 साल का पदक सूखा खत्म करते हुए आज रजत पदक जीता। चानू ने 49 किलोग्राम वर्ग में रजत पर कब्जा जमाया।

चानू ने क्लीन एवं जर्क में 115 किग्रा और स्नैच में 87 किग्रा से कुल 202 किग्रा वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण चीन की होऊ झिऊई ने जीता। झिऊई ने कुल 210 किग्रा (स्नैच में 94 किग्रा, क्लीन एवं जर्क में 116 किग्रा) से स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इंडोनेशिया की ऐसाह विंडी कांटिका ने कुल 194 किग्रा का वजन उठाकर कांस्य पदक हासिल किया।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले कर्णम मल्लेश्वरी ने सिडनी ओलंपिक 2000 में देश को भारोत्तोलन में कांस्य पदक दिलाया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *