रैंकिंग सुधारों के चलते भारत की व्यापार सुविधा हुई बेहतर

0

वित्त मंत्रालय ने ट्वीट कर दी जानकारी



नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक सर्वेक्षण में डिजिटल एवं टिकाऊ व्यापार सुविधा के लिए भारत की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी।

वित्त मंत्रालय ने जारी एक एक बयान में कहा कि केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीआईसी) के अंतगर्त विशेष रूप से सीमा शुल्क विभाग सहित विभिन्न विभागों के सुधारों की वजह से भारत की व्यापार सुविधा रैंकिंग बेहतर हुई है।

मंत्रालय के मुताबिक भारत ने ताजा सर्वेक्षण में 90.32 फीसदी अंक हासिल किए हैं, जबकि इससे पहले साल 2019 में उसे 78.49 फीसदी अंक मिले थे। दरअसल दुनियाभर की 143 अर्थव्यवस्थाओं के मूल्यांकन के बाद साल 2021 के सर्वेक्षण में भारत की स्थिति पारदर्शिता, संस्थागत व्यवस्था एवं सहयोग, कागज रहित व्यापार सहित कई लिहाज से बेहतर हुई।

वैश्विक सर्वेक्षण में कहा गया कि दक्षिण एवं दक्षिण पश्चिम एशिया क्षेत्र और एशिया प्रशांत क्षेत्र की तुलना में भारत का प्रदर्शन बेहतर रहा। सर्वेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक भारत की रैंकिंग फ्रांस, ब्रिटेन, कनाडा, नॉर्वे, फिनलैंड सहित कई ओईसीडी देशों से बेहतर पाई गई। गौरतलब है कि यूएनईएससीएपी डिजिटल एवं टिकाऊ व्यापार सुविधा पर वैश्विक सर्वेक्षण हर दो साल में करता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *