नवजोत सिद्धू का पदग्रहण कल, मुख्यमंत्री के शामिल होने काे लेकर संशय

0

चंडीगढ़, 22 जुलाई (हि.स.)। पंजाब के नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का पदग्रहण समारोह कल यानी 23 जुलाई को होने जा रहा है। ये समारोह चंडीगढ़ के पंजाब भवन में सुबह 11 बजे होना है। समारोह में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह के शामिल होने को लेकर संशय है। पार्टी हाईकमान ने राज्य के सभी कांग्रेस नेताओं को सिद्धू की रहनुमाई कबूलने और समागम में शामिल होने के लिए कहा है।

लेकिन सिद्धू द्वारा ट्विटर पर की टिप्पणियों से खफा मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह ये बात कह चुके हैं कि जब तक सिद्धू उनसे सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, वे सिद्धू से न तो मिलेंगे और न ही कोई बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री को इस समागम में निमंत्रण देने के लिए सिद्धू के साथ लगाए चार कार्यकारी कांग्रेस अध्यक्षों में से एक विधायक कुलजीत सिंह नागरा को अधिकृत किया गया है और वे आज मुख्यमंत्री को निमंत्रण पत्र देने जाएंगे। निमंत्रण पत्र में मुख्यमंत्री को समारोह में शामिल होकर सभी को आशीर्वाद देने की बात कही गई है।

इस समारोह ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और उनके साथ लगाए चार अन्य कार्यकारी अध्यक्ष कुलजीत सिंह नागरा , सुखविंदर डैनी , संगत सिंह गिलजियां एवं पवन गर्ग अपना पदभार संभालेंगे। पंजाब कांग्रेस मामलों प्रभारी हरीश रावत इस कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। इससे पूर्व कल सिद्धू ने अमृतसर में जाकर माथा टेका और 62 विधायकों के साथ होने का दावा करके शक्ति प्रदर्शन भी किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *