कोरोना का कहर, 24 घंटे में करीब 41 हजार नये मामले

0

507 लोगों की मौत,देश में 38 हजार से ज्यादा मरीज हुए स्वस्थ



नई दिल्ली, 22 जुलाई (हि.स.)। देश में एकबार फिर कोरोना के नए मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के कुल 41 हजार 383 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस बीमारी से 507 लोगों की मौत हो गई। कोरोना से उबरकर स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 38 हजार 652 है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में पॉजिटिविटी दर में भी थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। पिछले 31 दिनों से लगातार पॉजिटिविटी दर 3 प्रतिशत से नीचे है। पिछले 24 घंटे में पॉजिटिविटी दर 2.41 प्रतिशत रही है।

गुरुवार सुबह केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में अबतक कोरोना के कुल 3 करोड़ 12 लाख 57 हजार 720 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, इस बीमारी से अबतक 4 लाख 18 हजार 987 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव मरीजों की संख्या 4 लाख 09 हजार 394 हो गई है। राहत भरी खबर है कि कोरोना से अबतक 03 करोड़ 04 लाख 29 हजार 339 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

रिकवरी रेट 97.35 फीसद

कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है जो राहत की बात है। रिकवरी रेट में सुधार हो रहा है। पिछले 24 घंटे में देश का रिकवरी रेट बढ़कर 97.35 प्रतिशत हो गया है।

पिछले 24 घंटों में 18 लाख टेस्ट

देश में पिछले 24 घंटों में 18 लाख से अधिक टेस्ट किए गए। आईसीएमआर के मुताबिक देश में अबतक कुल 45.09 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं।

देश में कोरोना रोधी वैक्सीन की अबतक 41.78 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *