एरियल हेनरी बने हैती के नए प्रधानमंत्री

0

पोर्ट-ओ-प्रिंस, 21 जुलाई (हि.स.)। राजनीतिक उठापटक के बीच एरियल हैनरी को हैती का नया प्रधानमंत्री बनाया गया है। देश के पूर्व राष्ट्रपति जोवेनेल मोइस ने खुद को गोली लगने से कुछ दिन पहले हेनरी को प्रधानमंत्री बनने के लिए कहा था।

नए राष्ट्रपति की नियुक्ति होने तक हेनरी देश का नेतृत्व करेंगे। सितम्बर में नए राष्ट्रपति के चुनाव कराये जाएंगे। हेनरी ने शपथ ग्रहण करने के बाद कहा कि उन पर जटिल एवं मुश्किल जिम्मेदारी है और वह बातचीत के जरिए हल ढूढ़ने में विश्वास करते हैं।

पूर्व कैबिनेट मंत्री हेनरी ने चुनाव होने तक हैती में सर्वसम्मति से अंतरिम सरकार बनाने का वादा किया है। उन्होंने सरकार में व्यवस्था, सुरक्षा और विश्वास फिर से स्थापित करने के साथ-साथ भ्रष्टाचार से लड़ने, कोरोना की वैक्सीन सभी के लिए उपलब्ध कराने, अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने और एक विश्वसनीय एवं पारदर्शी चुनाव प्रणाली बनाने का संकल्प लिया है।

अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र ने नए प्रधानमंत्री के प्रति समर्थन व्यक्त किया है। वह गरीबी, अपराध, लंबे समय से चल रही राजनीतिक अस्थिरता, प्रकृतिक आपदा जैसे तूफान और भूकंप से त्रस्त देश का सामना कर रहे हैं।

पूर्व राष्ट्रपति मोइसे की हत्या अभी भी एक रहस्य बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में लिप्त सभी की पहचान कर ली जानी चाहिए और दोषियों को सामने लाया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि हैती की पुलिस ने कहा है कि इस मामले में अब तक 26 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन लोगों में कोलंबियाई नागरिक, हैती-अमेरिकी और स्थानीय पुलिस अधिकारी शामिल हैं। कोलंबियाई प्रशासन इस जांच में सहयोग कर रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *