बिहार के कैमूर में रेलिंग से टकराकर पलटी कार, पांच यात्रियों की मौत

0

भभुआ, 20 जुलाई (हि.स.)। बिहार के कैमूर जिले में दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड पर कुल्हड़िया गांव स्थित कुलेश्वरी धाम मोड़ के पास जीटी रोड पर कार के पलट जाने से कैमूर के पांच पर्यटकों की मौत हो गई। सभी लेह-लद्दाख और कश्मीर से यात्रा कर गांव लौट रहे थे। यह हादसा सोमवार की देर रात में हुआ, जिसकी जानकारी पुलिस और परिजनों को मंगलवार की सुबह हुई।

मृतकों में मोहनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरई गांव निवासी 40 वर्षीय सूरज सिंह, बरेज निवासी 41 वर्षीय राहुल सिंह, रामगढ़ थाना क्षेत्र के जमुरना गांव निवासी 40 वर्षीय पंकज सिंह, 40 वर्षीय रौशन सिंह तथा भभुआ थाना क्षेत्र के जिगना गांव निवासी 40 वर्षीय भवानी सिंह हैं।

हादसे के शिकार लोग अन्य साथियों के साथ कश्मीर गए थे। शेष लोग दूसरी गाड़ी में सवार थे, जिनकी गाड़ी आगे निकल गई थी। इन पांच लोगों को ला रही हुंडई कार कुलेश्वरी धाम मोड़ के पास जीटी रोड पर बनी सुरक्षा दीवार से टकराकर पानी भरी खाई में पलट गई। जब ये लोग गांव नहीं पहुंचे तब परिजन और अन्य साथियों के साथ पुलिसकर्मी भी उनकी तलाश करने लगे।

पूरी रात तलाश करने के बाद भी दुर्घटनाग्रस्त हुए लोगों के बारे में कुछ पता नहीं चल सका। मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण कुलेश्वरी धाम मोड़ की तरफ गए तो देखा कि पानी में कार पलटी है। इसकी खबर सुनकर आसपास के गांवों के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त कार को पानी से बाहर निकलवाया गया। मृतकों के शव भी बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भिजवाया। फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *