24 घंटों में 30 हजार नए मामले,कुछ कम हुए कोरोना मरीज

0

374 लोगों की हुई मौत

देश में 45 हजार से ज्यादा मरीज हुए स्वस्थ



नई दिल्ली, 20 जुलाई(हि.स.)। देश में कोरोना के नए मामलों में थोड़ी कमी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के कुल 30 हजार 093 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस बीमारी से 374 लोगों की मौत हो गई। वहीं, स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या नए मरीजों से बहुत अधिक 45 हजार, 254 है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में नए मामले आने की दर यानी पॉजिटिविटी रेट में कमी आई है। पिछले 29 दिनों से लगातार पॉजिटिविटी दर तीन प्रतिशत से नीचे है। पिछले 24 घंटे में पॉजिटिविटी दर 1.68 प्रतिशत रही है।

मंगलवार की सुबह केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में अबतक कोरोना के कुल तीन करोड़,11 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, इस बीमारी से अबतक चार लाख, 14 हजार, 482 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर चार लाख, 06 हजार, 130 रह गई है। राहत भरी खबर है कि कोरोना से अबतक 03 करोड़, 03 लाख, 53 हजार, 710 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

देश में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रिकवरी रेट में सुधार हो रहा है। पिछले 24 घंटे में देश का रिकवरी रेट बढ़कर 97.37 प्रतिशत हो गया है। देश में पिछले 24 घंटों में 17 लाख से अधिक टेस्ट किए गए। आईसीएमआर के मुताबिक देश में अबतक कुल 44.73 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं। कोरोना रोधी वैक्सीन की अबतक 41.18 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *