विहिप के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आरएन सिंह का संक्षिप्त परिचय

0

नई दिल्ली, 17 जुलाई (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की केंद्रीय प्रबंध समिति और प्रन्यासी मंडल की दो दिवसीय बैठक शनिवार को हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सूरजकुंड में शुरू हुई। बैठक के पहले दिन संगठन में कई बदलाव किए गए। प्रख्यात समाजसेवी और विहिप के केंंद्रीय उपाध्यक्ष पद्मश्री डॉ रवींद्र नारायण सिंह (डॉ. आरएन सिंह) को केंद्रीय अध्यक्ष चुना गया है। विहिप में संगठनात्मक चुनाव प्रत्येक तीन साल पर होते हैं।

विहिप के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रख्यात आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. आरएन सिंह बिहार के पटना जिले के निवासी हैं। इसके पहले वह विहिप के दक्षिण बिहार प्रांत के अध्यक्ष और केंद्रीय उपाध्यक्ष थे। वर्ष 2010 में कांग्रेस-नीत यूपीए सरकार ने उनको पद्मश्री से अलंकृत किया था। पटना में आर्थोपेडिक हॉस्पिटल का संचालन करते हैं। डॉ. सिंह ने अभी हाल में कैंसर के एक बड़े हॉस्पिटल की शुरुआत की है।

एमएस (आर्थो), एफआरसीएस (यूके), एमसीएच (आर्थो) की शिक्षा प्राप्त करने वाले डॉ. सिंह बिहार आर्थोपेडिक एसोसिएशन के संरक्षक हैं। वह पटना स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के आचार समिति के चेयरमैन हैं। बिहार नेत्रहीन परिषद और बिहार कुष्ठ सेवा संघ के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी का भी निर्वहन कर रहे हैं। वह डॉ. शिवनारायण सिंह स्पोर्ट्स फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक भी हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *