इस साल के हज के लिए पहला स्मार्ट कार्ड किया गया जारी

0

रियाद, 17 जुलाई (हि.स.)। हज के सऊदी मंत्रालय ने इस साल सभी हाजियों के लिए स्मार्ट हज कार्ड जारी किए हैं। पहला हज स्मार्ट कार्ड मक्का के गवर्नर प्रिंस खालिद अल-फैसल की उपस्थिति में जारी किया गया है, जो सेंट्रल हज के प्रमुख भी हैं। इस दौरान उन्होंने हज स्थलों का दौरा किया और हज यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं का निरीक्षण किया।

हज और उमराह मंत्रालय के प्रवक्ता हिशाम अल-सईद ने कहा कि इस साल सभी हज यात्रियों को स्मार्ट हज कार्ड जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी व्यक्तिगत जानकारी और स्वास्थ्य डेटा स्मार्ट कार्ड में दर्ज किया जाएगा। स्मार्ट हज कार्ड बहुउद्देश्यीय होगा। इससे हाजी कई संभावित समस्याओं से बच सकेंगे और कार्ड की मदद से जल्द ही समस्याओं का समाधान हो जाएगा।

इसके अलावा हज के उप मंत्री डॉ. अब्दुल फतह मुशात ने कहा कि इस साल हाजियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम अलग होगा। प्रत्येक हाजी को हज यात्रा के एक-एक चरण के मार्गदर्शन के लिए तस्वीरयुक्त एसएमएस भेजे जाएंगे और ई-एप्लिकेशन के माध्यम से हाजियों के साथ सीधा संपर्क रखा जाएगा। इससे कई हाजियों के अपनों से बिछड़ जाने या गुम हो जाने जैसी समस्याओं से नहीं जूझना पड़ेगा और ऐसी हालत में उनका तुरंत पता लग जाएगा।

स्मार्ट कार्ड की मदद से हर तीर्थयात्री को संबंधित संस्था के बारे में जरूरी जानकारी मिल सकेगी और उस सम्बंधित संस्था से काम निकलवाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी इसी कार्ड से दिए जाएंगे। स्मार्ट कार्ड आधुनिक जागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य, सुरक्षा और प्रशासनिक मुद्दों को समझने-समझाने में काफी मददगार साबित होगा।

गौरतलब है कि आज (17 जुलाई) से ही सऊदी अरब में हज की शुरूआत हो चुकी है। इस साल कोरोना से बचाव के लिए कई तरह की हाईटेक सुविधाएं प्रयोग में लाई जा रही हैं। स्मार्ट कार्ड भी उन्हीं सुविधाओं में से एक है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *