अंतरराष्ट्रीय तीरांदाजी युवा प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे असम के विशाल

0

गुवाहाटी, 15 जुलाई (हि.स.)। पोलैंड में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय युवा तीरांदाजी प्रतियोगिता में भारतीय दल में असम के गोलाघाट जिलांतर्गत बोकाखात निवासी विशाल चांगमाई को शामिल किया गया है।

आगामी नौ से 15 अगस्त तक पोलैंड में यह प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विशाल चांगमाई बोकाखात के मिनलपुर निवासी शांतनु चांगमाई और ममी चांगमाई के छोटे पुत्र हैं।

बोकाखात उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र विशाल गत कुछ समय से राज्य के साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वयं को एक बेहतर तीरांदाज साबित करने में सफल रहे हैं।

राज्य स्तर पर होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल होने के साथ ही विशाल 62वां राष्ट्रीय स्कूल गेम्स और 2017 में आंध्र प्रदेश में आयोजित 14 वर्षीय राष्ट्रीय तीरांदाजी प्रतियोगिता में सिलवर पदक हासिल किया था।

2019 में बांग्लादेश में आयोजित तृतीय अंतरराष्ट्रीय तीरांदाजी प्रतियोगिता में सिलवर पदक हासिल करने के साथ ही उसी वर्ष मैड्रिड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय युव तीरांदाजी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व प्राप्त करने का विशाल को मौका मिला था।

वर्तमान में विशाल हरियाणा के प्रशिक्षण शिविर में रहते हुए अपनी प्रतिभा को निखारने में जुटे हुए हैं। विशाल की इस उपलब्धि पर बोकाखात के कई स्थानीय संगठनों ने अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *