कोरोना के मामले फिर बढ़े, 24 घंटे में 41 हजार से अधिक नए मामले

0

नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। देश में कोरोना के नए मामलों में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के कुल 41 हजार 806 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस बीमारी से 581 लोगों की मौत हो गई। वहीं, स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 39 हजार 130 है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में नए मामले आने की दर यानि पॉजिटिविटी दर में कमी आई है। पिछले 22 दिनों से लगातार पॉजिटिविटी दर 3 प्रतिशत से नीचे है। पिछले 24 घंटे में पॉजिटिविटी दर 2.15 प्रतिशत रही है।

गुरुवार सुबह केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में अबतक कोरोना के कुल 3 करोड़ 09 लाख 87 हजार 880 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, इस बीमारी से अबतक 4 लाख 11 हजार 989 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 4 लाख 32 हजार 041 हो गई है। राहत भरी खबर है कि कोरोना से अबतक 03 करोड़ 01 लाख 43 हजार 850 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

रिकवरी रेट 97.28 फीसद

कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है जो राहत की बात है। रिकवरी रेट में सुधार हो रहा है। पिछले 24 घंटे में देश का रिकवरी रेट बढ़कर 97.28 प्रतिशत हो गया है।

पिछले 24 घंटों में किए गए 19 लाख टेस्ट

देश में पिछले 24 घंटों में 19 लाख से अधिक टेस्ट किए गए। आईसीएमआर के मुताबिक देश में अबतक कुल 43.40 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं।

देश में कोरोनारोधी वैक्सीन की अबतक 43.80 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *