लखनऊ में यूपी एटीएस ने अलकायदा के दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया

0

 इनके पास से दो प्रेशर कुकर बम और एक अर्धनिर्मित टाइम बम बरामद हुआ



लखनऊ, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी इलाके से रविवार को यूपी एटीएस ने आतंकी संगठन अलकायदा के दो संदिग्ध आतंकियों को पकड़ा है। इनके पास से दो प्रेशर कुकर बम, एक अर्धनिर्मित टाइम बम, अन्य हथियार और दस्तावेज बरामद हुए हैं।

दरअसल यहां पर खुफिया जांच एजेंसी को कई आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद एटीएस ने यहां पर छापेमारी की और दो संदिग्ध आतंकियों को पकड़ा। घर में अन्य लोगों के अंदर छुपे होने की जानकारी पर सर्च ऑपरेशन जारी है। शक है कि ये लोग दो-तीन दिन में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने वाले थे। एटीएस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है।

एटीएस ने शाहिद उर्फ गुड्डू और वसीम को अपनी गाड़ी में बैठा लिया है जिनसे पूछताछ जारी है। एटीएस को इस बिल्डिंग से काफी दस्तावेज भी मिले हैं। पता चला है कि इनकी योजना तीन दिन में लखनऊ में एक सांसद के साथ अन्य भाजपा नेताओं को बम विस्फोट में उड़ाने की थी। इनके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक मिला है। बम को निष्क्रिय करने के लिए बम डिस्पोजल स्क्वॉड मौके पर पहुंचा है।

लखनऊ के काकोरी में रिंग रोड पर बने इस मकान को उत्तर प्रदेश एटीएस की तीन टीमों ने घेर रखा है। एटीएस ने मकान के आस-पास का क्षेत्र खाली करा लिया है। एटीएस के एक दर्जन से अधिक कमांडो इस ऑपरेशन में सक्रिय हो गए हैं। एटीएस ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया है। एनएसजी कमांडो, एटीएस, एसटीएफ और खुफिया विभाग के टीम के साथ अन्य जांच एजेंसी मौजूद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुलिस अधिकारियों से पल-पल की खबर ले रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *