राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए नामित श्रीजेश और दीपिका

0

नई दिल्ली, 26 जून (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने शनिवार को भारतीय पुरुष हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश और भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व खिलाड़ी दीपिका को प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए नामित किया है। वहीं, हरमनप्रीत सिंह, वंदना कटारिया और नवजोत कौर को अर्जुन पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।
लाइफटाइम अचीवमेंट के लिए दिए जाने वाले ध्यानचंद पुरस्कार के लिए, हॉकी इंडिया ने भारत के पूर्व दिग्गजों डॉ आरपी सिंह और सुश्री एम सीएच संगई इबेमहाल के नाम की सिफारिश की है। कोच बीजे करियप्पा और सीआर कुमार को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए एक जनवरी, 2017 से 31 दिसंबर, 2020 के बीच की अवधि में किये गए प्रदर्शन को देखा जाएगा। इस अवधि के दौरान, पीआर श्रीजेश ने हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी ब्रेडा 2018 में भारत की रजत पदक जीत, 2018 एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीत और एफआईएच पुरुष श्रृंखला फाइनल भुवनेश्वर ओडिशा 2019 में स्वर्ण पदक जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
श्रीजेश 2015 में अर्जुन पुरस्कार और 2017 में प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार के प्राप्तकर्ता भी रहे हैं। दूसरी ओर दीपिका भारतीय महिला हॉकी टीम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रही हैं, जिन्होंने 2018 एशियाई खेलों और एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2018 में रजत पदक जीता था।
प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए हॉकी इंडिया की सिफारिशों के बारे में बोलते हुए, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोमबम ने कहा, “यह हम सभी के लिए बहुत गर्व का क्षण था जब रानी ने पिछले साल राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार जीता था और इस साल राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए हम देश के दो बेहतरीन हॉकी खिलाड़ियों – पीआर श्रीजेश और दीपिका के नाम की अनुशंसा कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “हम अर्जुन पुरस्कारों के लिए हरमनप्रीत सिंह, वंदना कटारिया और नवजोत कौर को नामांकित करके भी खुश हैं। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में भारतीय टीम के लिए कुछ असाधारण प्रदर्शन किए हैं।”

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *