50 शिकायतकर्ता को बनाया गवाह नवनीत कालरा के खिलाफ

0

नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। नई दिल्ली जिले स्थित खान चाचा रेस्तरां के मालिक नवनीत कालरा के खिलाफ दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा जल्द ही आरोप पत्र दाखिल करने जा रही है। नवनीत के खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य के अलावा अपराध शाखा करीब 50 शिकायतकर्ता को भी खोज चुकी है। इन सभी लोगों से ठगी का आरोप नवनीत कालरा पर लगाया है। इन्हें आरोप पत्र में शिकायतकर्ता और गवाह बनाया जाएगा।  अगले सप्ताह इस मामले में कोर्ट में  आरोप पत्र दायर किया जा सकता है।
पुलिस के अनुसार, कोरोना के बढ़ते ग्राफ के दौरान दिल्ली में ऑक्सीजन की किल्लत हो  रही थी। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों के बीच ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर की मांग थी। इस वजह से काफी कारोबारी ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर की कालाबाजारी में जुट गए थे। ऐसे ही एक गैंग का पर्दाफाश दक्षिण जिले के लोधी कॉलोनी थाना पुलिस ने किया था। उन्होंने इस गैंग की निशानदेही पर बड़ी संख्या में ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर बरामद किए थे। इनमें से कुछ ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर खान मार्केट स्थित खान चाचा रेस्तरां से बरामद हुए थे, जिसका मालिक नवनीत कालरा हैं। इस मामले में नवनीत कालरा की गिरफ्तारी भी दक्षिण जिला पुलिस ने की थी। फिलहाल नवनीत कालरा इस मामले में जमानत पर बाहर है।
अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मामले की जांच के दौरान उन्हें  पता चला कि आरोपितों ने ग्राहकों के साथ ठगी की है। ग्राहकों को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की जो क्वालिटी बताई गई थी, उसके अनुसार वह काम नहीं कर रहा था। इस वजह से एफआईआर में ठगी की धारा 420 को जोड़ा गया है। पुलिस में ऐसे ग्राहकों की तलाश शुरू की, जिन्हें यह ऑक्सीजन कंसंट्रेटर बेचे गए थे। इनमें से करीब 50 लोगों ने अपराध शाखा को बताया कि उनका ऑक्सीजन कंसंट्रेटर कंपनी के दावे के अनुसार नहीं चल रहा है। इन सभी पीड़ितों को अपराध शाखा ने गवाह बनाया है, ताकि ठगी के अपराध को साबित किया जा सके।
उक्त मामले में सभी आरोपित जेल से बाहर हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो इसके चलते उन पर जल्दी आरोप पत्र का दबाव नहीं है, लेकिन उनकी जांच करीब पूरी हो चुकी है। इधर अपराध शाखा खान चाचा रेस्तरां के मालिक नवनीत के खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य और गवाह जुटा चुकी हैं। आरोप पत्र लगभग तैयार हो चुका है। इस वजह से पुलिस जल्द ही आरोप पत्र दायर करने की तैयारी कर रही है।  उम्मीद है कि 30 जून से पहले आरोप पत्र दायर हो जाएगा।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *