अग्रिम जमानत याचिका दायर की सांसद प्रिंस राज के खिलाफ रेप की शिकायत करने वाली महिला ने

0

नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद प्रिंस राज के खिलाफ रेप की शिकायत करने वाली महिला और उसकी मित्र ने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। प्रिंस राज ने एक एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें दोनों के खिलाफ रेप केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
प्रिंस राज ने पिछले 10 फरवरी को दोनों के खिलाफ रेप केस में फंसाने की धमकी देने की शिकायत की थी। प्रिंस राज की शिकायत पर दिल्ली की पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में फिरौती मांगने और फिरौती वसूलने के लिए धमकाने का आरोप लगाया गया है। प्रिंस राज की शिकायत में कहा गया है कि पिछले साल वो एक महिला से मिले थे, जिसने अपने आपको राजनीतिक कार्यकर्ता बताया था। दोनों ने अपना फोन नंबर एक-दूसरे को दिया और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। प्रिंस राज के मुताबिक 18 जून, 2020 को महिला ने उन्हें अपने घर बुलाया और दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। प्रिंस राज महिला के घर कई बार जा चुके हैं।
प्रिंस राज ने अपनी शिकायत में कहा है कि कुछ महीनों के बाद उन्हें पता चला कि महिला किसी पुरुष के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उन्होंने महिला से इसके बारे में पूछा था। अगस्त 2020 से प्रिंस राज ने महिला को नजरअंदाज करना शुरू किया और उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया। एक दिन महिला के मित्र ने महिला के फोन से बात की और धमकी दी कि वो आपत्तिजनक वीडियो लीक कर देगा। प्रिंस राज की शिकायत के मुताबिक महिला के मित्र ने आपत्तिजनक वीडियो लीक नहीं करने के एवज में एक करोड़ रुपये की मांग की। प्रिंस राज ने उन्हें दो लाख रुपये भी दिये लेकिन उसके बावजूद महिला और उसके मित्र ने एक करोड़ रुपये की मांग जारी रखी। उसके बाद प्रिंस राज ने पिछली 9 फरवरी को दिल्ली पुलिस से शिकायत की।
उल्लेखनीय है कि महिला ने प्रिंस राज के खिलाफ यौन प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पिछले हफ्ते महिला ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की। महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि प्रिंस राज ने नशीली ड्रिंक पिलाई, जिससे वो बेहोश हो गई। महिला के मुताबिक बेहोशी की हालत में प्रिंस राज ने उसके साथ यौन संबंध बनाया और उससे शादी का वादा किया। महिला की शिकायत पर पुलिस अभी जांच कर रही है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *