अमरनाथ यात्रा शुरू करने के संकेत,श्राइन बोर्ड ने मांगे टेंडर
जम्मू, 17 जून (हि.स.)। श्रीअमरनाथ श्राइन बोर्ड ने बालटाल मार्ग पर शौचालयों, हैलीपैड में सेप्टिक टैंक के रखरखाव आदि के लिए टेंडर आमंत्रित किये हैं जिससे इस वर्ष बालटाल मार्ग से सीमित संख्या के साथ सीमित अवधि के लिए श्री अमरनाथ यात्रा शुरू करने के संकेत मिले हैं। हालांकि कोरोना महामारी के बीच अमरनाथ यात्रा को लेकर अभी तक जम्मू कश्मीर प्रशासन ने कोई फैसला नहीं किया है लेकिन बालटाल मार्ग से यात्रा शुरू होने की संभावना जरूर बनी हुई है।
श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने इस वर्ष बाबा अमरनाथ की वार्षिक यात्रा के लिए 28 जून से 22 अगस्त तक तिथि निर्धारित की है। बोर्ड ने बालटाल मार्ग पर सफाई, रखरखाव व अन्य प्रबंधों के लिए सात जून को टेंडर मांगे हैं। हालांकि बोर्ड ने कोरोना के चलते यात्रा का पंजीकरण बीच में ही रोक दिया है और जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने श्रीअमरनाथ यात्रा को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा दिल्ली में केंद्रीय गृह सचिव और केंद्रीय गृह मंत्री से श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर विचार विमर्श कर चुके हैं। उनका कहना है कि श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। बोर्ड के अनुसार बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा से 28 जून से 22 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह छह बजे से 6.30 बजे और शाम पांच बजे से लेकर 5.30 बजे तक आरती का सीधा प्रसारण एमएचवन प्राइम चैनल पर होगा। पिछले वर्ष भी आरती का सीधा प्रसारण किया गया था।
श्राइन बोर्ड ने बालटाल मार्ग पर शौचालयों की सफाई, कैंपों को साफ करने, बालटाल में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को चलाने व रखरखाव करने और नीलग्राथ हैलीपैड में सेपटिक टैंक के रखरखाव के लिए भी टेंडर आमंत्रित किए हैं। बालटाल मार्ग की मरम्मत भी शुरू कर दी गई है। गांदरबल की डिप्टी कमिश्नर कृतिका ज्योत्सना ने श्रीअमरनाथ यात्रा के दौरान विभिन्न तरह की सेवाएं देने वाले 18 साल से 44 साल के लोगों से कहा है कि वे वैक्सीनेशन सेंटरों में जाकर वैक्सीन की पहली डोज लगवाएं। बालटाल में घोड़े वालों की वैक्सीन हो चुकी है।वार्षिक अमरनाथ यात्रा की तैयारियां को देखते हुए पुलिस विभाग भी सक्रिय हो गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बैठकें कर अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाने लगे है। हमेशा की तरह आतंकी वारदातों के बीच वार्षिक अमरनाथ यात्रा को शांतिपूर्वक ढंग से करवाना सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना बोले
इस संबंध में जब जम्मू-कश्मीर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष रविन्द्र रैना का साफ कहना है कि पिछले वर्ष भी कोरोना की वजह से श्रीअमरनाथ यात्रा स्थगित करनी पड़ी थी परन्तु इस वर्ष श्री अमरनाथ यात्रा होनी चाहिए। अगर संपूर्ण यात्रा संभव न हो तो सीमित यात्रा का आयोजन जरूर किया जाना चाहिए। कम से कम 15 दिनों की यात्रा आयोजित होनी चाहिए जिसमें प्रदेश के सीमित लोगों को शामिल किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि इस सबंध में हम उपराज्यपाल से बातचीत कर चुके हैं और जरूरत पड़ी तो फिर करेंगे।
श्रीअमरनाथ यात्रा को लेकर स्थिति सप्ष्ट करे सरकार: शिव सेना
शिव सेना बाला साहब ठाकरे की प्रदेश इकाई के प्रधान मनीश साहनी ने कहा कि लंगर सेवा देने वाले कुछ संगठनों को 28 जून से 22 अगस्त तक के लिए बालटाल के रास्ते लंगर लगाने की अनुमति दी जा चुकी है परन्तु पवित्र अमरनाथ पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से स्थिति स्पष्ट करने की अपील की है। उनका कहना था कि अनुमति नहीं पाने वाले संगठन भी असमंजस में हैं जम्मू-कश्मीर प्रशासन का फर्ज बनता है कि इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करे।
